

Highlights:
BMC ने मनपा चुनाव के दौरान विज्ञापन होर्डिंग्स पर 'लोकतंत्र का उत्सव, मुंबई का गर्व' संदेश प्रदर्शित करने के लिए 12,78,144 रुपए खर्च किए।
अभियान के तहत लगभग 96,282 वर्ग फुट फ्लेक्स की छपाई और होर्डिंग्स पर लगाने-उतारने का काम किया गया।
प्रशासन ने कुछ अनुभवी ठेकेदारों से दरें मंगाईं और सबसे कम दर देने वाली संस्था पैसिफिक डिजिटल को सीधे काम सौंप दिया।
BMC Election Awareness Campaign: नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश देने वाली बीएमसी खुद पारदर्शी कामकाज के नियमों की अनदेखी करती नजर आई है। पिछले मनपा चुनाव में बीएमसी क्षेत्र में विज्ञापन होर्डिंग्स पर जनजागरूकता संदेश प्रदर्शित करने के लिए 12 लाख 78 हजार रुपए खर्च किए गए।
खास बात यह है कि तीन लाख रुपए से अधिक के काम के लिए सार्वजनिक निविदा निकालना अनिवार्य है, लेकिन काम में जल्दबाजी का हवाला देकर पूरी प्रक्रिया को दरकिनार कर दिया गया।
अब निविदा की शर्त में छूट देने के लिए प्रशासन ने स्थायी समिति के सामने मंजूरी का प्रस्ताव रखा है। महानगरपालिका के आम चुनाव 2025-26 के मद्देनजर 24 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक विज्ञापन होर्डिंग्स पर 'लोकतंत्र का उत्सव, मुंबई का गर्व' संदेश प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए थे।
काम पूरा करने के लिए समय कम होने का तर्क देते हुए प्रशासन ने समाचार पत्रों में विज्ञापन देकर सार्वजनिक निविदाएं आमंत्रित नहीं कीं। इसके बजाय कुछ अनुभवी ठेकेदारों से आंतरिक रूप से दरें मंगाई गई। इसमें 'पैसिफिक डिजिटल' ने फ्लेक्स की छपाई के लिए 5.75 रुपए प्रति वर्ग फुट और होर्डिंग्स पर लगाने व उतारने के लिए 5.50 रुपए प्रति वर्ग फुट की सबसे कम दर दी।
पहले किए गए संतोषजनक काम का हवाला देते हुए प्रशासन ने सीधे इसी संस्था को ठेका दे दिया। इस अभियान के तहत करीब 96,282 वर्ग फुट फ्लेक्स की छपाई और उसे होर्डिंग्स पर लगाने का काम किया गया। इसमें छपाई पर 6 लाख 53 हजार 273 रुपए और फ्लेक्स लगाने व उतारने पर 6 लाख 24 हजार 870 रुपए खर्च हुए। इस तरह कुल 12 लाख 78 हजार 144 रुपए खर्च किए गए, यह राशि बीएमसी के लाइसेसिंग विभाग के वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधान से खर्च की जाएगी।