

BMC Medical Equipment Purchase Scam News: बीएमसी के विभिन्न अस्पतालों के लिए चिकित्सा उपकरणों की खरीद में गंभीर अनियमितताएं होने का आरोप कांग्रेस ने लगाया है।
'सेंट्रल स्टेराइल सर्विसेज विभाग' (सीएसएसडी) तथा अन्य चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया में कुछ विशेष ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई और इसमें 100 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का दावा कांग्रेस के गुट नेता अशरफ आजमी ने किया है।
उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आमतौर पर बीएमसी के अस्पतालों में चिकित्सा उपकरणों की खरीद 'मेडिकल इक्विपमेंट सेल' या 'केंद्रीय खरीद विभाग' के माध्यम से की जाती है।
लेकिन स्थापित खरीद नियमों को जानबूझकर दरकिनार करते हुए पिछले कुछ वर्षों में कई अस्पतालों ने 'यांत्रिकी एवं विद्युत विभाग' के माध्यम से यह प्रक्रिया संचालित की है। आजमी ने आरोप लगाया कि कुछ विशेष ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से इस विभाग के जरिए अलग-अलग निविदाएं जारी की गई। पिछले दो वर्षों में बीएमसी के प्रमुख अस्पतालों में सीएसएसडी परियोजनाओं पर 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं।
इसमें नायर अस्पताल के लिए 30 करोड़ रुपये, केईएम अस्पताल के लिए 30 करोड़ रुपये से अधिक, कूपर अस्पताल के लिए 20 करोड़ रुपये, ट्रॉमा अस्पताल के लिए 18 करोड़ रुपये और शताब्दी अस्पताल के लिए 15 करोड रुपये खर्च दर्शाए गए हैं। आजमी का आरोप है कि निविदा प्रक्रिया में भारतीय मानकों की अनदेखी कर महंगे यूरोपीय और अमेरिकी तकनीकी मानकों को शामिल किया गया।