शिवसेना नेता शाइना एनसी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Shaina NC On BMC Mayor: मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों की आहट के साथ ही सियासत गरमा गई है। शिवसेना (शिंदे गुट) की प्रवक्ता शाइना एनसी ने सोमवार को हुंकार भरते हुए कहा कि देश की आर्थिक राजधानी का अगला मेयर ‘मराठी मानुष’ होगा, जिसके दिल में शहर के लिए प्रेम और जुबां पर ‘वंदे मातरम’ होगा।
शाइना एनसी ने गठबंधन की रणनीति को साफ किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि महायुति (भाजपा, शिवसेना और एनसीपी) की राजनीति का मूल आधार ‘मुंबई पहले’ का सिद्धांत है। उन्होंने कहा कि शहर का नेतृत्व वही व्यक्ति करेगा जो न केवल यहाँ की मिट्टी से जुड़ा हो, बल्कि जो मुंबई के सर्वांगीण विकास के प्रति पूरी तरह समर्पित हो।
महापौर पद को लेकर चल रही खींचतान के बीच शाइना एनसी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन विकास के बजाय नफरत की राजनीति को बढ़ावा दे रहा है। गौरतलब है कि मुंबई की राजनीति में ‘मराठी अस्मिता’ हमेशा से एक बड़ा मुद्दा रही है, और अब ‘वंदे मातरम’ के आह्वान से इसमें राष्ट्रवाद का तड़का भी लग गया है।
सिर्फ महायुति ही नहीं, बल्कि शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे प्रमुख राज ठाकरे भी लगातार यह दावा कर रहे हैं कि मुंबई का अगला मेयर मराठी ही होगा। हाल ही में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी एक रैली में घोषणा की थी कि मुंबई का मेयर ‘मराठी हिंदू’ होगा। शाइना एनसी का ताजा बयान इसी सिलसिले को आगे बढ़ाता दिख रहा है, जिससे चुनाव से पहले ध्रुवीकरण और भाषाई गौरव की बहस तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें:- ‘पाकिस्तान जाकर 20 बच्चे पैदा करो’, नवनीत राणा और ओवैसी में जुबानी जंग तेज, मचा सियासी बवाल
मुंबई सहित महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के भविष्य का फैसला अब करीब है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 15 जनवरी को मतदान होगा। वहीं परिणाम 16 जनवरी आएंगे। बीएमसी चुनाव को ‘मिनी विधानसभा’ माना जाता है, जहां इस बार अजित पवार की एनसीपी महायुति से अलग चुनाव लड़ रही है, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।