BMC चुनाव में महायुति के परचम पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का बड़ा बयान, बोले- ये मोदी-फडणवीस की जीत
Maharashtra News: बीएमसी समेत महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में भाजपा-नेतृत्व वाली महायुति को बड़ी जीत मिली है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे पीएम मोदी, फडणवीस और शिंदे के नेतृत्व की सफलता बताया।
- Written By: आकाश मसने
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू (सोर्स: सोशल मीडिया)
Kiren Rijiju Statement: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर ‘महायुति’ का दबदबा कायम हुआ है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) सहित राज्य के 29 नगर निगमों के नतीजों ने विपक्षी खेमे को चौंका दिया है। इस बड़ी कामयाबी पर खुशी जताते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने गठबंधन की मजबूती और आगामी बजट सत्र पर महत्वपूर्ण बयान साझा किए हैं।
देश की सबसे अमीर महानगरपालिका, बीएमसी (BMC) के चुनावी रण में महायुति ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। कुल 227 सीटों वाले सदन में भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने मिलकर 118 सीटों पर कब्जा जमाया है, जो बहुमत के जादुई आंकड़े से 4 सीटें अधिक है। दूसरी ओर, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे (MNS) का गठबंधन इस रेस में काफी पीछे छूट गया। नगर निगमों के इन परिणामों ने यह साफ कर दिया है कि राज्य की जनता ने शिंदे-फडणवीस और अब अजित पवार की त्रिमूर्ति को स्वीकार कर लिया है।
मोदी-शिंदे-फडणवीस के तालमेल का दिखा असर
मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और राज्य नेतृत्व के सामंजस्य को दिया। रिजिजू ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना की यह जीत पीएम मोदी के विजन और राज्य में देवेंद्र फडणवीस व एकनाथ शिंदे की कड़ी मेहनत का परिणाम है। अब अजित पवार के साथ आने से इस गठबंधन को जनता का अटूट प्रेम और समर्थन मिला है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महायुति सरकार अब और भी मजबूती के साथ जनहित के कार्यों में जुटेगी।
सम्बंधित ख़बरें
नीट पेपर लीक मामले सभी आरोपी भाजपाई, संजय राउत ने साधा पीएम मोदी पर निशाना
महाराष्ट्र विधान परिषद की 16 सीटों पर चुनाव का बिगुल; निर्वाचन आयोग ने घोषित की 18 जून की तारीख
130 के पार जाएगा पेट्रोल, देश में लगेगा आर्थिक लॉकडाउन! जयंत पाटिल का केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला
पटेल-तटकरे की शरद पवार से मुलाकात का क्या निकला नतीजा? सिल्वर ओक में क्या बनी रणनीति
बजट 2026: विकसित भारत की ओर एक और कदम
आगामी संसदीय सत्र और केंद्रीय बजट पर चर्चा करते हुए रिजिजू ने बताया कि संसद का सत्र 28 जनवरी से शुरू होने जा रहा है और 1 फरवरी को आम बजट पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल का हर बजट समाज के अंतिम व्यक्ति और देश के उज्जवल भविष्य को ध्यान में रखकर बनाया जाता है। सरकार का हर फैसला और हर योजना एक दीर्घकालिक सोच का हिस्सा होती है, जिसका लाभ आज देश के विकास के रूप में दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए मेयर पद के आरक्षण की लॉटरी जारी; जानें आपके शहर में कौन बनेगा महापौर
विवादित मुद्दों पर चुप्पी और भविष्य की रणनीति
हालाँकि, जब उनसे पश्चिम बंगाल में चल रही एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने फिलहाल इस पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने केवल इतना कहा कि उचित समय आने पर इस मुद्दे का जवाब दिया जाएगा। वर्तमान में भाजपा का पूरा ध्यान महाराष्ट्र की इस बड़ी जीत को सेलिब्रेट करने और आगामी बजट सत्र की तैयारियों पर केंद्रित है।
