BMC चुनाव से पहले एकनाथ शिंदे ने खेला बड़ा दांव! इन मेगा प्रोजेक्ट्स का किया ऐलान

Eknath Shinde Announcements: BMC समेत 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। इससे पहले डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने महालक्ष्मी रेस कोर्स, ठाणे मेट्रो को लेकर बड़ा ऐलान किया।
Eknath Shinde
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Eknath Shinde On Mumbai Developement Project: महाराष्ट्र चुनाव आयोग ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) समेत 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव शेड्यूल का ऐलान किया है, वोटिंग 15 जनवरी 2026 को होगी। इससे पहले उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रेस कोर्स पर सेंट्रल पार्क, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की घोषणा की और पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी को लेकर विपक्ष पर हमला बोला।

महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने सोमवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) समेत राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के लिए चुनाव शेड्यूल जारी कर दिया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, राज्य में महानगरपालिका चुनाव के लिए वोटिंग 15 जनवरी 2026 को केवल एक ही चरण में संपन्न होगी। मतदान के ठीक अगले दिन 16 जनवरी को चुनाव परिणाम जारी किया जाएगा।

महालक्ष्मी रेस कोर्स पर बनेगा देश का सबसे बड़ा सेंट्रल पार्क

बीएमसी चुनाव से ठीक पहले, राज्य के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। शिंदे ने बताया कि महालक्ष्मी रेस कोर्स को विकसित करने के लिए बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी के नेतृत्व में कार्य शुरू हो रहा है। रेस कोर्स की 125 एकड़ जमीन पर लोगों के लिए एक विशाल सेंट्रल पार्क बनाया जाएगा। इस सेंट्रल पार्क को सबसे बड़े पार्कों में से एक बताया गया है। यहां पर गार्डन, अर्बन फॉरेस्ट और अन्य सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। खास बात यह है कि इस पार्क के अलावा यहां कोई अन्य कंस्ट्रक्शन नहीं होगा।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स होगा तैयार

पार्क प्रोजेक्ट के तहत ही 10 लाख स्क्वायर फीट का एक बड़ा स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स भी बनाया जाएगा। इस कॉम्प्लेक्स में क्रिकेट, टेबल टेनिस समेत लगभग सभी प्रमुख खेल उपलब्ध होंगे। एआई ग्राफिक्स के माध्यम से इस भव्य पार्क की रूपरेखा भी दिखाई गई है। शिंदे ने बताया कि इस पार्क को मेट्रो लाइन समेत सभी मुख्य रास्तों से जोड़ा जाएगा, और यहां आने वाले लोगों के लिए एक बड़ा पार्किंग एरिया भी तैयार किया जाएगा।

ठाणे में स्नो पार्क और मेट्रो-बुलेट ट्रेन कनेक्टिविटी

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे के विकास के लिए भी बड़े प्रोजेक्ट्स की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के साथ-साथ ठाणे में वीविंग टावर, टाउन पार्क, 25 एकड़ में स्नो पार्क और एक एम्यूजमेंट पार्क तैयार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ठाणे मेट्रो की लाइन को बुलेट ट्रेन की लाइन से कनेक्ट किया जाएगा।

पीएम मोदी पर विवादित बयान पर शिंदे का पलटवार

दिल्ली कांग्रेस की रैली में प्रधानमंत्री मोदी पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर भी एकनाथ शिंदे ने मीडिया के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जब-जब विपक्ष ने पीएम मोदी पर आरोप लगाया है, तब-तब जनता उनके साथ मजबूती से खड़ी रही है। शिंदे ने विपक्ष की 'कब्र खोदने' जैसी बात कहने को निंदनीय बताया। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष का पेट दर्द हो रहा है और उन्हें यह सब हजम नहीं हो रहा है। शिंदे ने दावा किया कि विपक्ष की 'कब्र' जनता ने खोद दी है। उन्होंने तीखा हमला करते हुए कहा कि जिन्होंने इतने सालों तक नोट चोरी किया, उन्हें वोट चोरी पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com