BMC चुनाव में शिंदे के स्टार प्रचारक बने गोविंदा, शिवसेना ने जारी की 40 धुरंधरों की लिस्ट

BMC Elections: BMC चुनाव से पहले शिवसेना (शिंदे गुट) ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। इस सूची में बॉलीवुड स्टार गोविंदा समेत मिलिंद देवरा, संजय निरुपम जैसे कई प्रभावशाली नेताओं के नाम शामिल है।
BMC Elections: BMC चुनाव से पहले शिवसेना (शिंदे गुट) ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। इस सूची में बॉलीवुड स्टार गोविंदा समेत मिलिंद देवरा, संजय निरुपम जैसे कई प्रभावशाली नेताओं के नाम शामिल है।
शिवसेना के स्टार प्रचारक गोविंदा (सौजन्य-IANS, कंसेप्ट फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Civic Polls: महाराष्ट्र में आगामी बीएमसी (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी प्रमुख दल चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इसी बीच महायुति की सहयोगी पार्टी शिवसेना (शिंदे गुट) ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में राज्यसभा सांसद मिलिंद देवरा, पूर्व सांसद संजय निरुपम और अभिनेता गोविंदा जैसे चर्चित नाम शामिल हैं।

हालांकि, पार्टी ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। 15 जनवरी को प्रस्तावित नगर निगम चुनावों को लेकर शिवसेना ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है, लेकिन स्टार प्रचारकों की सूची सामने आने से सियासी हलचल बढ़ गई है। वर्ष 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद यह चुनाव मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लिए खास महत्व रखता है।

गोविंदा और श्रीकांत शिंदे भी स्टार प्रचारकों में शामिल

जारी सूची में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ उनके पुत्र और सांसद श्रीकांत शिंदे का भी नाम शामिल है। इसके अलावा वरिष्ठ नेताओं में रामदास कदम, गजानन कीर्तिकर, आनंदराव अडसुल, केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव, नीलम गोरे और मीना कुंबले को स्टार प्रचारक बनाया गया है। शिवसेना ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम चुनावों के लिए सीटों का ऐलान अभी किया जाना बाकी है।

कैबिनेट मंत्री और संगठन के बड़े चेहरे भी करेंगे प्रचार

स्टार प्रचारकों की सूची में शिवसेना के कैबिनेट मंत्री गुलाबराव पाटिल, दादा भुसे, उदय सामंत, उपमुख्यमंत्री शंभुराज देसाई, संजय शिरसाट, प्रकाश अबितकर, प्रताप सरनाईक और आशीष जायसवाल के नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा राज्य मंत्री योगेश कदम, धर्मवीर आध्यात्मिक सेना के अध्यक्ष अक्षय महाराज भोसले, अल्पसंख्यक विभाग के समीर काजी और राष्ट्रीय प्रवक्ता शायना एनसी भी बीएमसी समेत राज्य की 29 नगर निगमों के चुनाव में प्रचार करेंगे।

शिवसेना के लिए अहम है यह चुनाव

मंत्री उदय सामंत के अनुसार, शिवसेना और भाजपा के बीच 150 से अधिक सीटों पर सहमति बन चुकी है, जबकि करीब 77 सीटों पर बातचीत अभी जारी है। शिवसेना के लिए यह चुनाव इसलिए भी अहम है क्योंकि 2022 में पार्टी के विभाजन के बाद यह पहला नगर निगम चुनाव है। विभाजन से पहले शिवसेना ने राज्य में 53 नगर पालिका अध्यक्ष पदों पर जीत दर्ज की थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com