BMC का बड़ा फैसला: जन्म प्रमाणपत्र के लंबित आवेदनों का होगा तेजी से निपटारा, रविवार को भी खुलेंगे केंद्र

Mumbai BMC News: बीएमसी जन्म प्रमाणपत्र से जुड़े लंबित आवेदनों के निपटारे के लिए नया सॉफ्टवेयर और डैशबोर्ड बनाएगी। नागरिक सुविधा केंद्र रविवार को भी खुलेंगे।
BMC to introduce new software and dashboard for faster birth certificate processing; Citizen Facility Centers to remain open on Sundays as well.
बीएमसी बैठक (सौजन्य- एक्स)
Updated on

Mumbai BMC Birth Certificate Pending Application: जन्म प्रमाणपत्र से जुड़े लंबित आवेदनों के तेजी से निपटारे के लिए महानगरपालिका बृहन्मुंबई (बीएमसी) ने नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे ने आवेदन प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए आवेदन स्वीकार करने का समय बढ़ाने, अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती करने तथा तकनीक का अधिक उपयोग करने के निर्देश दिए हैं।

चेंबूर स्थित एम-पश्चिम कार्यालय में परिमंडल-5 के स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान वर्मा-लवंगारे ने मानखुर्द, शिवाजी नगर, कुर्ला, चेंबूर सहित एम-पूर्व, एम-पश्चिम और एल विभाग में जन्म प्रमाणपत्र से जुड़े आवेदनों का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि आवेदन स्वीकार होने के बाद कम से कम समय में प्रक्रिया पूरी की जाए।

बीएमसी जन्म प्रमाणपत्र के नए आवेदन और संशोधन के लिए नया सॉफ्टवेयर तथा डैशबोर्ड विकसित करेगी, जिससे दस्तावेज अपलोड और पूरी प्रक्रिया की ऑनलाइन निगरानी हो सकेगी। विदेश में शिक्षा और वीजा के लिए क्यूआर कोड आधारित आवेदनों को प्राथमिकता से निपटाने के भी निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा

बैठक में सार्वजनिक-निजी भागीदारी परियोजनाओं, बारिश जनित रोगों, प्रसूति गृहों तथा उपनगरीय अस्पतालों की क्षमता वृद्धि और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर नागरिक समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

रविवार को भी खुलेंगे केंद्र

नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नागरिक सुविधा केंद्रों में आवेदन स्वीकार करने का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक तय किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर रविवार को भी सुविधा केंद्र खुले रहेंगे। अतिरिक्त आयुक्त ने चेंबूर के अमर महाल फ्लाईओवर के नीचे संचालित 'सिग्नल स्कूल' का दौरा कर वहां चल रहे कौशल विकास कार्यक्रमों की सराहना की और आषाढी एकादशी की दिडी यात्रा में भी भाग लिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com