

Rajya Sabha Election Maharashtra Candidates: बीजेपी ने मंगलवार को राज्यसभा के लिए अपने 9 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। इनमें बिहार से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के अलावा शिवेश कुमार का नाम शामिल हैं। इसके अलावा बीजेपी ने असम से तेराश गोवाला और जोगेन मोहन, छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से प्रदेश अध्यक्षा मनमोहन सामल, सुजीत कुमार व पश्चिमा बंगाल से राहुल सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। लेकिन इस लिस्ट में महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों के लिए बीजेपी उम्मीदवारों के नाम नहीं है। ऐसी रिपोर्ट है कि बुधवार को इस पर फैसला लिए जा सकता है। नामांकन की अंतिम तारीख 5 मार्च है।
बहुमत के आधार पर बीजेपी, महाराष्ट्र में 7 में से 4 राज्यसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा करेगी। पार्टी ने अपने कोटे से एक सीट आरपीआई नेता व केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले के लिए फाइनल कर चुकी है। बाकी तीन सीटों के लिए कड़ा मुकाबला है। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े के अलावा राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर और धैर्यशील पाटील के नाम की भी चर्चा हैं।
बीजेपी नेता नवनीत राणा ने भी राज्यसभा का टिकट हासिल करने के लिए अपनी फील्डिंग लगाई है। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी बलवंत वानखेड़े ने बीजेपी उम्मीदवार राणा को 19731 वोटों से हरा दिया था। इससे पहले वे 2019 बतौर निर्दलीय यहां से चुनाव जीता था। लेकिन लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद अब नवनीत, संसद में पहुंचने के लिए राज्यसभा का जुगाड़ लगा रही हैं। मिली जानकरी के मुताबिक महाराष्ट्र बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव लड़ने की इच्छुक करीब 25 उम्मीदवारों की सूची दिल्ली में पार्टी आलाकमान को भेजी है। इनमें चंद्रपुर के पूर्व सांसद हंसराज अहीर गढ़चिरौली के पूर्व सांसद अशोक नेते का नाम भी शामिल है।
महाराष्ट्र में बहुमत को देखते हुए बीजेपी ने 7 राज्यसभा सीटों में में से एक सीट विपक्ष के लिए छोड़ने का फैसला किया था। लेकिन अब मिली जानकारी के मुताबिक महायुति सभी 7 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। इनमें बीजेपी 5 और शिंदे सेना और एनसीपी एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। विपक्ष की महाविकास आघाडी में शामिल दल अभी तय नहीं कर पा रहे है कि मात्र एक सीट पर उनका उम्मीदवार कौन होगा।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) सांसद सुप्रिया सुले चाहती हैं कि उनके पिता शरद पवार एक बार फिर राज्यसभा में जाएं। जबकि उद्धव ठाकरे की सेना और कांग्रेस ने भी इस सीट के लिए दावेदारी ठोक दी है। विपक्ष के अंदर चल रहे इस संघर्ष को देखते हुए बीजेपी पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा करने की योजना बना रही है। ताकि महाविकास आघाडी में फूट को देखते हुए इसमें सेंध लगाई जा सके।