गणपति उत्सव के बहाने तय होगी महाराष्ट्र चुनाव की रणनीति, BJP अध्यक्ष नड्डा पहुंचे मुंबई

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मनाए जा रहे गणेशोत्सव के कारण मुंबई राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन गया है। मुंबई में केंद्र के नेताओं खासकर सत्तारूढ़ बीजेपी के नेताओं के दौरे बढ़ गए हैं।
गणपति उत्सव के बहाने तय होगी महाराष्ट्र चुनाव की रणनीति, BJP अध्यक्ष नड्डा पहुंचे मुंबई
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के घर पहुंचे बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा (सोर्स: एक्स@JPNadda)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मनाए जा रहे गणेशोत्सव के कारण मुंबई राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन गया है। मुंबई में केंद्र के नेताओं खासकर सत्तारूढ़ बीजेपी के नेताओं के दौरे बढ़ गए हैं। महाराष्ट्र के सबसे बड़े त्योहार गणेशोत्सव के दौरान 8 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर मुंबई आए थे। अब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और महाराष्ट्र प्रदेश प्रभारी व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव शुक्रवार को मुंबई पहुंचे। गणेश दर्शन के लिए मुंबई आए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी ने बीजेपी के प्रमुख नेताओं के साथ विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करने के लिए अहम बैठक की।

नड्डा व भूपेंद्र यादव ने पहले सीएम एकनाथ शिंदे के सरकारी निवास वर्षा पर विराजित भगवान गणेश के दर्शन किए। हालांकि उस दौरान सीएम शिंदे धाराशिव में थे इसलिए मुख्यमंत्री के सांसद पुत्र श्रीकांत शिंदे ने नड्डा का स्वागत किया।

इस दौरान केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवप्रवर्तन मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, सांसद मिलिंद देवड़ा, विधायक आशीष शेलार, विधायक प्रवीण दरेकर, बीजेपी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले आदि मौजूद रहे।

नड्डा बाद में देवेंद्र फडणवीस के सरकारी निवास सागर बंगले पर स्थापित भगवान गणेश के दर्शन करने पहुंचे। वहां उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने परिवार के साथ उनका स्वागत किया। इस बारे में फडणवीस ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का मेरे सरकारी आवास 'सागर' पर गणेश दर्शन के लिए आगमन हुआ। इस दौरान उनका सह-परिवार स्नेहपूर्वक स्वागत किया।

लालबाग के राजा के दर्शन

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लालबाग के राज के दर्शन भी किए। उन्होंने एक्स पर लिखा कि  ''आज मुंबई के प्रसिद्ध 'लालबाग के राजा' श्रीगणेश जी के दर्शन व पूजा-अर्चना का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर विघ्नहर्ता से समस्त देशवासियों के सुख-सौभाग्य व समृद्धि के लिए प्रार्थना की।''

चुनावी रणनीति पर मंथन

गणेश दर्शन के बाद नड्डा ने बीजेपी के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक करके विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया। उन्होंने सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन के संबंध में भी मार्गदर्शन किया। बैठक में नड्डा के अलावा फडणवीस, भूपेंद्र यादव, सांसद पीयूष गोयल पूर्व मंत्री रावसाहेब दानवे, चंद्रशेखर बावनकुले, पंकजा मुंडे, आशीष शेलार, राष्ट्रीय समन्वय मंत्री शिव प्रकाश भी मौजूद थे। नड्डा इसके उपरांत लालबाग का राजा के दर्शन करने भी पहुंचे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com