

Ameet Satam Trash Booms Demand: मानसून की शुरुआत के साथ ही मुंबई के समुद्र तटों पर कचरे का अंबार लगना एक बड़ी समस्या बन जाता है। इस गंभीर मुद्दे से निपटने के लिए भारतीय जनता पार्टी के विधायक और मुंबई बीजेपी के अध्यक्ष अमित साटम ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के सामने एक बेहद महत्वपूर्ण और आधुनिक प्रस्ताव रखा है। साटम ने मांग की है कि मुंबई के जितने भी नाले और नदियां अरब सागर में जाकर मिलती हैं, उन सभी के मुहानों पर 'ट्रैश बूम' (कचरा अवरोधक) लगाए जाएं। इससे मानसून के दौरान शहर का तैरता हुआ कचरा समुद्र में जाने से रोका जा सकेगा।
विधायक अमित साटम ने इस विषय की गंभीरता को देखते हुए मुंबई की महापौर रितु तावड़े और बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े को एक आधिकारिक पत्र लिखा है। उन्होंने इस पत्र के जरिए नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि पर्यावरण के संरक्षण और मुंबईकरों की सेहत को ध्यान में रखते हुए इस योजना पर तुरंत काम शुरू किया जाए।
अमित साटम ने पत्र में कहा कि वर्तमान में शहर के कुछ स्थानों पर ट्रैश बूम लगाए गए हैं, लेकिन उनकी संख्या पर्याप्त नहीं है। मानसून के दौरान बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, तैरता हुआ कचरा और अन्य ठोस अपशिष्ट नालों एवं नदियों के माध्यम से अरब सागर में पहुंच जाता है। साटम ने कहा कि ज्वार (हाई टाइड) के समय यही कचरा वापस समुद्र तटों पर आ जाता है, जिससे समुद्र किनारों की सुंदरता प्रभावित होती है, स्वच्छता व्यवस्था पर असर पड़ता है और पर्यावरणीय जोखिम भी बढ़ जाता है।
मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने बीएमसी से मांग की कि समुद्र में मिलने वाले प्रत्येक नाले और नदी के मुहाने पर ट्रैश बूम लगाए जाएं। साथ ही इन अवरोधकों पर जमा होने वाले कचरे को हटाने के लिए वर्षभर 24 घंटे सक्रिय रहने वाली विशेष व्यवस्था भी बनाई जाए। अमित साटम ने कहा कि यह पहल समुद्र तटों की सफाई, ठोस कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बीएमसी प्रशासन से इस प्रस्ताव को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द अमल में लाने की अपील की।