पंढरपुर वारी के लिए पूरे महाराष्ट्र से चलेंगी 5500 स्पेशल ST बसें, महिलाओं को 50% छूट और बुजुर्गों को फ्री सफर

Pandharpur Yatra ST Special Buses: पंढरपुर आषाढ़ी यात्रा के लिए एसटी महामंडल 5,500 विशेष बसें चलाएगा। महिलाओं को किराए में आधी छूट और 75+ बुजुर्गों को मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा।
Pandharpur Ashadhi Vari ST Special Buses
पंढरपुर वारी को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद मंत्री प्रताप सरनाईक व अन्य (डिजाइन फोटो)
Updated on

Pandharpur Ashadhi Vari ST Special Buses: आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर भगवान विठ्ठल-रुक्मिणी के दर्शन के लिए पंढरपुर जाने वाले लाखों वारकरियों और श्रद्धालुओं के लिए महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल (ST महामंडल) ने इस वर्ष की आषाढ़ी यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। परिवहन मंत्री और एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने घोषणा की है कि इस साल श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रिकॉर्ड 5,500 विशेष बसों का संचालन किया जाएगा।

इस सेवा में भी 'महिला सम्मान योजना' के तहत महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट तथा 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को 'अमृत ज्येष्ठ नागरिक योजना' के तहत निःशुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पंढरपुर और आसपास विशेष बस स्थानक, अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

चंद्रभागा बस स्थानक पर हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

परिवहन मंत्री व एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने सोलापुर जिले के चंद्रभागा बस स्थानक पर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने बताया कि पंढरपुर आषाढ़ी यात्रा के दौरान भगवान श्री विठ्ठल-रुक्मिणी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल ने व्यापक तैयारी की है। उन्होंने बताया कि यात्रा अवधि में 5,500 विशेष बसों का संचालन किया जाएगा।

महिलाओं को किराया में 50% तक रियायत

मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि राज्य के किसी भी गांव से 40 या उससे अधिक श्रद्धालुओं का समूह विशेष बस की मांग करता है, तो उस गांव से सीधे पंढरपुर तक एसटी बस उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए श्रद्धालुओं को अपने निकटतम एसटी डिपो में पंजीकरण कराना होगा। इस विशेष सेवा में भी सरकार की सभी यात्री रियायतें लागू रहेंगी। महिलाओं को 50 प्रतिशत किराया रियायत और 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

यात्रा के दौरान बसों की स्वच्छता, सैनिटाइजेशन, चालक-परिचालकों की स्वास्थ्य जांच और विशेष बसों पर पहचान संबंधी फलक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। एकादशी के बाद लौटने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मार्गवार अलग अलग कतारें बनाकर यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जाएगा। इसके लिए 36 से अधिक यातायात नियंत्रक और सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंढरपुर और आसपास चार अस्थायी बस स्टॉप बनाए जा रहे हैं।

13 हजार कर्मियों के भोजन की व्यवस्था करेंगे मंत्री

पिछले वर्ष एसटी ने 5,145 विशेष बसों के माध्यम से 21.95 लाख श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा कराई थी। इस वर्ष इससे भी अधिक सूक्ष्म योजना तैयार की गई है। यात्रा अवधि में चौबीसों घंटे सेवा देने वाले एसटी के 13 हजार चालक, परिचालक, तकनीकी कर्मचारी, पर्यवेक्षक और अधिकारियों के लिए चाय, नाश्ता और भोजन की व्यवस्था परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक अपने निजी खर्च से करेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com