मुंबई में लेंसकार्ट की शॉप पर बवाल, मुस्लिम BJP नेता दुकान में घुसकर हिंदू कर्मचारियों को लगाया तिलक- वीडियो

Lenskart Mumbai Controversy : भाजपा नेता नाजिया इलाही खान ने मुंबई के लेंसकार्ट स्टोर में कर्मचारियों को तिलक लगाया। मैनेजर पर हिंदू रीति-रिवाजों को रोकने का आरोप।
Nazia Elahi Khan Lenskart Mumbai Controversy
Nazia Elahi Khan Lenskart Mumbai Controversy (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

Nazia Elahi Khan Lenskart Mumbai Controversy: मुंबई के अंधेरी इलाके में स्थित लेंसकार्ट (Lenskart) के एक स्टोर में उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब भाजपा की अल्पसंख्यक मोर्चा नेता नाजिया इलाही खान ने वहां पहुंचकर हिंदू कर्मचारियों को जबरन तिलक लगाना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में नाजिया खान स्टोर के मुस्लिम मैनेजर, जिसकी पहचान मोहसिन खान के रूप में हुई है, के साथ तीखी बहस करती नजर आ रही हैं। भाजपा नेता ने आरोप लगाया है कि कंपनी के भीतर हिंदू कर्मचारियों को तिलक लगाने और कलावा बांधने जैसे धार्मिक प्रतीकों के इस्तेमाल से रोका जा रहा है।

वीडियो में नाजिया खान को स्टोर मैनेजर से यह पूछते हुए सुना जा सकता है, "यहाँ शरिया लागू करना है क्या?" उन्होंने दावा किया कि लेंसकार्ट के मालिक ने जानबूझकर एक खास समुदाय के व्यक्ति को स्टोर मैनेजर नियुक्त किया है ताकि हिंदू कर्मचारियों को अपनी धार्मिक पहचान और रीति-रिवाजों का पालन करने से रोका जा सके। इस दौरान नाजिया ने स्टोर में घूम-घूमकर हिंदू स्टाफ के माथे पर तिलक लगाया, जिससे कर्मचारी काफी असहज दिखाई दिए।

'हिंदू रीति-रिवाजों पर पाबंदी' का आरोप

नाजिया इलाही खान ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लेंसकार्ट प्रबंधन पर 'उम्माह' की रणनीति के तहत काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हिंदू कर्मचारियों को तिलक और कलावा पहनने से हतोत्साहित किया जा रहा है, जो कि उनकी धार्मिक स्वतंत्रता का हनन है। उन्होंने मांग की है कि लेंसकार्ट के मालिक और मैनेजर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस घटना के बाद ट्विटर (X) पर नेटिज़न्स के बीच 'लेंसकार्ट' और 'वर्कप्लेस फ्रीडम' को लेकर बहस छिड़ गई है।

मैनेजर से तीखी नोकझोंक और नारेबाजी

स्टोर के भीतर हुए इस हंगामे के दौरान नाजिया खान ने मैनेजर को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने मैनेजर की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी कार्यस्थल पर एक धर्म विशेष के नियमों को दूसरों पर नहीं थोपा जा सकता। वीडियो में वे 'जय श्री राम' और अन्य धार्मिक नारे लगाती भी नजर आईं। हालांकि, स्टोर में मौजूद कर्मचारी इस स्थिति से काफी डरे हुए और चुपचाप तिलक लगवाते हुए दिखाई दिए।

लेंसकार्ट की चुप्पी और कानूनी कार्रवाई की संभावना

लेंसकार्ट विवाद पर अभी तक लेंसकार्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कंपनी की इंटरनल पॉलिसी में धार्मिक प्रतीकों को लेकर क्या दिशा-निर्देश हैं, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। दूसरी ओर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि वे वायरल वीडियो की जांच कर रहे हैं और यदि शांति भंग करने या किसी को डराने-धमकाने की शिकायत मिलती है, तो उचित कार्रवाई की जाएगी। नाजिया खान पहले भी एयरलाइंस स्टाफ और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर इसी तरह के विवादों के कारण चर्चा में रह चुकी हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com