GPay और WhatsApp से बुक होगी BEST की टिकट, बसों की ऑनलाइन टिकटिंग और हुई आसान

BEST Bus QR Code Ticket Mumbai: मुंबई बेस्ट बसों में अब WhatsApp और Google Pay से मिलेगी टिकट। ONDC के साथ एकीकरण से टिकटिंग हुई पेपरलेस और आसान।
BEST Bus QR Code Ticket Mumbai
BEST Bus QR Code Ticket Mumbai (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

ONDC BEST Integration Benefits: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (BEST) ने अपने यात्रियों के सफर को अधिक स्मार्ट और आसान बनाने के लिए एक बड़ा डिजिटल कदम उठाया है। अब यात्रियों को बस टिकट के लिए कंडक्टर के पास जाकर चिल्लर (खुले पैसे) ढूंढने या विशेष रूप से 'बेस्ट' का ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी। बेस्ट उपक्रम अब 'ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स' (ONDC) प्लेटफॉर्म के साथ जुड़ गया है, जिससे यात्री अपने मोबाइल में पहले से मौजूद ऐप्स के जरिए ही QR कोड स्कैन करके टिकट बुक कर सकेंगे।

यह पहल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस विजन का हिस्सा है, जिसमें उन्होंने मुंबई की प्रमुख परिवहन प्रणालियों मेट्रो, बेस्ट और रेलवे को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की घोषणा की थी। इस एकीकरण के बाद, बेस्ट के डिजिटल टिकट उपयोगकर्ताओं की संख्या वर्तमान के 15-16% से बढ़कर 25-30% होने की उम्मीद है।

ONDC के साथ क्या बदलेगा?

ONDC वाणिज्य मंत्रालय (DPIIT) की एक पहल है, जो डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने के लिए बनाई गई है। वर्तमान में यह 26 शहरों में कार्यरत है। बेस्ट के इस नेटवर्क से जुड़ने के बाद, यात्री Google Pay, PhonePe, Paytm, Uber, WhatsApp, RedBus और Rapido जैसे लगभग 28 विभिन्न ऐप्स का उपयोग करके सीधे बस टिकट खरीद सकेंगे।

नए सिस्टम के प्रमुख फायदे

किसी नए ऐप की जरूरत नहीं: यात्रियों को अपने फोन की मेमोरी भरने के लिए अलग से 'बेस्ट टिकट ऐप' रखने की आवश्यकता नहीं होगी। उनके पास मौजूद यूपीआई (UPI) या मैसेजिंग ऐप्स से ही काम हो जाएगा।

QR कोड से सुलभ टिकटिंग: बस में चढ़ते ही यात्री बस के भीतर मौजूद QR कोड को स्कैन कर सकेंगे और अपनी पसंद के डिजिटल वॉलेट से भुगतान कर तुरंत ई-टिकट प्राप्त कर सकेंगे।

समय की बचत और पारदर्शिता: यह प्रक्रिया न केवल यात्रियों का समय बचाएगी, बल्कि टिकट वितरण में पारदर्शिता भी लाएगी और कंडक्टरों पर नकदी संभालने का बोझ कम करेगी।

डिजिटल भविष्य की ओर कदम

बेस्ट उपक्रम ने पिछले कुछ वर्षों में स्मार्टकार्ड और मोबाइल टिकटिंग के माध्यम से अपने राजस्व संग्रह को डिजिटल बनाने में सफलता हासिल की है। अब ONDC Transit के साथ जुड़कर मुंबई दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो गया है जहाँ सार्वजनिक परिवहन पूरी तरह से एक खुले और एकीकृत डिजिटल नेटवर्क पर उपलब्ध है। आने वाले समय में 'वन टिकट' ऐप के माध्यम से यह अनुभव और भी बेहतर होगा, जिससे मुंबई की सड़कों पर सफर करना वाकई में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हो जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com