

Ashadhi Ekadashi 2 Special Trains Dadar To Pandharpur: पंढरपुर में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध आषाढ़ी एकादशी मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मध्य रेलवे ने बड़ी राहत दी है। आषाढ़ी मेले के दौरान यात्रियों और वारकरियों की भारी भीड़ को देखते हुए मध्य रेल द्वारा दादर और पंढरपुर के बीच 2 विशेष आषाढ़ी ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है। इससे मुंबई और आसपास के क्षेत्रों से पंढरपुर जाने वाले भक्तों का सफर बेहद आसान और आरामदायक हो जाएगा।
विशेष ट्रेन ठाणे, कल्याण, लोणावला, पुणे, दौंड तथा कुर्डुवाड़ी स्टेशनों पर रुकेगी। इनकी संरचना 2 वातानुकूलित 3 -टिअर कोच,10 शयनयान कोच,4 सामान्य द्वितीय श्रेणी कोच,2 द्वितीय श्रेणी सह गार्ड ब्रेक वैन होगी। गाड़ी संख्या 01045 एवं 01046 के लिए आरक्षण सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों तथा आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट पर प्रारंभ कर दिया गया है।
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। यात्री टिकट बुकिंग के लिए RailOne ऐप का भी उपयोग कर सकते हैं। इन विशेष ट्रेनों के मार्ग में विभिन्न स्टेशनों पर आगमन एवं प्रस्थान समय की विस्तृत जानकारी के लिए नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) ऐप डाउनलोड करें अथवा भारतीय रेलवे की पूछताछ वेबसाइट देखने की अपील की गई है।
उल्लेखनीय है कि हर साल आषाढ़ी एकादशी पर लाखों वारकरी और श्रद्धालु भगवान विट्ठल के दर्शन के लिए पंढरपुर पहुंचते हैं। यात्रियों की भारी भीड़ को सुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए मध्य रेलवे द्वारा स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षाबल, सहायता केंद्र और पेयजल जैसी व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपना आरक्षण कराएं और यात्रा के दौरान आधिकारिक ऐप्स व वेबसाइट का ही उपयोग करें।