

NCP Leader Amol Mitkari Claim: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बारामती में हुई विमान दुर्घटना के मामले में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के एमएलसी अमोल मिटकरी ने सोमवार, 9 मार्च को एक ऐसा दावा किया है जिसने इस पूरे मामले को और अधिक संदिग्ध बना दिया है।
अमोल मिटकरी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि विमान हादसे में जान गंवाने वाली केबिन क्रू सदस्य पिंकी माली के परिवार को इस मामले से दूर रहने के लिए धमकाया जा रहा है। इस दावे के बाद राज्य में सियासी हड़कंप मच गया है।
अमोल मिटकरी ने पिछले 13 दिन से अस्पताल में भर्ती पिंकी माली की मां माया माली से मुलाकात की। इस भावुक मुलाकात के बाद मिटकरी ने मीडिया के सामने खुलासा किया कि उन्होंने एक रिकॉर्डेड व्हाट्सएप कॉल सुनी है। मिटकरी के अनुसार, इस कॉल में वीएसआर (VSR) कंपनी के मालिक वी.के. सिंह कथित तौर पर पिंकी माली के भाई को चेतावनी दे रहे हैं कि वह मीडिया के सामने न जाए और खबरों से दूर रहे। मिटकरी ने सवाल उठाया कि आखिर परिवार को सच बोलने से क्यों रोका जा रहा है?
मिटकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस मामले की गंभीरता को साझा करते हुए पायलट द्वारा इस्तेमाल की गई संदिग्ध भाषा पर भी उंगली उठाई है। उन्होंने दावा किया कि रिकॉर्डिंग में पायलट ने कहा, "अजित पवार ने इनके फ्लाइट को ठोक दिया।" मिटकरी ने कड़े शब्दों में पूछा कि क्या इस तरह की भाषा और वीएसआर का कोई संबंध अंडरवर्ल्ड से है? उन्होंने विश्वास के साथ कहा कि यह मामला सतह पर जितना सरल दिख रहा है, असल में वैसा नहीं है और हमारे 'दादा' के साथ अन्याय हुआ है।
विमान हादसे के बाद से ही पिंकी माली के पिता, शिवकुमार माली और उनकी मां लगातार न्याय की गुहार लगा रहे हैं। शिवकुमार माली ने पहले ही राजनीतिक नेताओं द्वारा उठाए गए संदेहों का समर्थन करते हुए आशंका जताई थी कि यह हादसा आत्महत्या या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। इससे पहले, अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने भी 10 फरवरी को इस दुर्घटना की प्रकृति पर सवाल खड़े किए थे और गहन जांच की मांग की थी।