अजित पवार विमान हादसा: छगन भुजबल ने की जांच की वकालत, साझा किया अपना डरावना अनुभव

Chhagan Bhujbal Statement: अजित पवार विमान हादसे पर छगन भुजबल ने विस्तृत जांच की मांग करते हुए ब्लैक बॉक्स की पड़ताल पर जोर दिया और अपने हवाई यात्रा का अनुभव भी साझा किया।
Ajit Pawar Plane Crash
Chhagan Bhujbal statement ( सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ajit Pawar Plane Crash: दिवंगत अजित पवार के विमान हादसे को लेकर उठ रहे संदेहों के बीच राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। भुजबल ने कहा कि यदि किसी के पास इस दुर्घटना से जुड़ा कोई सबूत या जानकारी है, तो उसे जांच एजेंसियों को सौंपना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने मुख्यमंत्री से मिलकर सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि वह गृह मंत्री अमित शाह से भी इस मामले की जांच कराने का आग्रह करते हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

विमान यात्रा का अपना खौफनाक अनुभव बताया

येवला दौरे पर मीडिया से बात करते हुए मंत्री भुजबल ने अपनी एक हालिया हवाई यात्रा का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया, “धुलिया से शिरडी के लिए उड़ान भरते समय जैसे ही विमान रनवे पर पहुंचा, उसके डैशबोर्ड की दोनों स्क्रीन अचानक बंद हो गईं। यदि यह बीच हवा में हुआ होता, तो लैंडिंग में बड़ी समस्या हो सकती थी।” उन्होंने कहा कि तत्काल उड़ान रद्द कर दी गई और वे सड़क मार्ग से येवला पहुंचे। भुजबल के अनुसार, कभी-कभी इंजनों में तकनीकी खराबी आ जाती है।

ब्लैक बॉक्स और साजिश की जांच

जय पवार के बयान पर टिप्पणी करते हुए भुजबल ने कहा कि यह सही है कि ब्लैक बॉक्स पूरी तरह नष्ट नहीं होता, लेकिन विस्फोट और भीषण आग के कारण वह आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो सकता है। उन्होंने प्रफुल्ल पटेल के बयान का हवाला देते हुए कहा कि अमेरिका जैसी आधुनिक तकनीक की मदद से ब्लैक बॉक्स के रहस्य को सुलझाया जा सकता है। जांच इस दिशा में भी होनी चाहिए कि हादसा पायलट की गलती, रडार की खराबी या किसी साजिश का परिणाम था।

अमोल कोल्हे और रोहित पवार के दावों पर कटाक्ष

राष्ट्रवादी कांग्रेस में सांगठनिक बदलाव और अमोल कोल्हे को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के रोहित पवार के दावों पर भुजबल ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “अभी विलय भी नहीं हुआ था और उससे पहले ही तय कर लिया गया कि कौन किस पद पर बैठेगा। शायद राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री का पद भी पहले ही तय कर लिया गया होगा।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि रोहित पवार जो कह रहे हैं, उसके बारे में अजित दादा ने उन्हें कभी कुछ नहीं बताया था। भुजबल ने अंत में कहा कि वर्तमान में उनकी नेता सुनेत्रा पवार हैं और उनके कार्यों में पूरा सहयोग करना उनका कर्तव्य है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com