आप ने बीएमसी के लिए जारी किया घोषणापत्र, मुफ्त पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा का वादा

Aam Aadmi Party Mumbai: आम आदमी पार्टी ने मुंबई बीएमसी चुनावों के लिए ‘केजरीवाल की गारंटी’ के तहत मुफ्त पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का वादा करते हुए अपना घोषणापत्र जारी किया।
Mumbai BMC elections, AAP manifesto, Kejriwal guarantee
Aam Aadmi Party Mumbai:आम आदमी पार्टी (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai BMC Elections: आम आदमी पार्टी (आप) ने अगले महीने होने वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों के लिए मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। पार्टी ने इसे ‘केजरीवाल की गारंटी’ के बैनर तले पेश करते हुए 24 घंटे मुफ्त पानी की आपूर्ति, 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, विश्वस्तरीय निशुल्क शिक्षा और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का वादा किया है। महाराष्ट्र में बीएमसी सहित 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी 2026 को होने हैं।

अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने 227 सदस्यीय बीएमसी के लिए 75 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। यहां ‘केजरीवाल ची गारंटी’ (केजरीवाल की गारंटी) शीर्षक से घोषणापत्र जारी करते हुए दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि 75 हजार करोड़ रुपये से अधिक के बजट के बावजूद बीएमसी बुनियादी सेवाएं देने में विफल रही है और भ्रष्टाचार से ग्रस्त है।

शासन मॉडल को मुंबई में भी लागू

उन्होंने कहा,“दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी के शासन मॉडल को मुंबई में भी लागू किया जाएगा, ताकि नागरिकों को मुफ्त बिजली, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।” घोषणापत्र में हर दिन 24 घंटे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का वादा किया गया है, जिसमें प्रति परिवार हर माह 20,000 लीटर तक मुफ्त पानी, आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ बीएमसी संचालित स्कूलों का नवीनीकरण और छात्रों के लिए मुफ्त बस पास शामिल हैं।

‘मोहल्ला क्लीनिक’

पार्टी ने मुंबई भर में 1,000 ‘मोहल्ला क्लीनिक’ स्थापित करने की योजना की भी घोषणा की है, जहां नागरिकों को मुफ्त परामर्श, दवाएं और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मोहल्ला क्लीनिक ऐसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं, जिन्हें आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में सत्ता में रहते हुए शुरू किया था। आप की मुंबई इकाई की अध्यक्ष प्रीति शर्मा मेनन ने कहा कि पार्टी राज्य में राजनीतिक गठबंधनों को लेकर बनी भ्रम की स्थिति के बीच ‘काम की राजनीति’ के मुद्दे पर नगर निकाय चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने बताया कि पार्टी ने ऐसे शिक्षित उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जिनका सार्वजनिक सेवा का अच्छा रिकॉर्ड रहा है। घोषणापत्र में इसके अलावा बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) को इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े के साथ पुनर्जीवित करने, मुंबई की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने, अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता को मजबूत करने, महिला सुरक्षा और कल्याण तथा पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के वादे भी शामिल हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com