मुंबई में पानी की आपूर्ति बाधित (सोर्सः सोशल मीडिया)
Mumbai Water Supply Cut: बीएमसी बांद्रा पश्चिम में 750 मिमी व्यास की नई मुख्य पाइप लाइन को चालू करने का काम तेजी से कर रही है। इस पाइपलाइन के जुड़ाव का कार्य आगामी शनिवार, 28 मार्च को रात 11 बजे से शुरू होकर रविवार, 29 मार्च को शाम 5 बजे तक कुल 16 घंटे चलेगा।
इस दौरान एच पश्चिम विभाग के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी, जबकि कुछ क्षेत्रों में कम दबाव से पानी मिलेगा। यह नई पाइपलाइन रामदास नाईक मार्ग, स्वामी विवेकानंद मार्ग और आर के पाटकर मार्ग जंक्शन के बीच बिछाई गई है। इसका उद्देश्य पाली हिल जलाशय के जल स्तर में सुधार करना और क्षेत्र में पानी की आपूर्ति को अधिक सुचारू बनाना है।
प्रभावित क्षेत्रों में खार पश्चिम, सांताक्रूज पश्चिम और बांद्रा पश्चिम के कई हिस्से शामिल हैं, जहां रविवार को सुबह के समय पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। इसके अलावा हिल रोड, कार्टर रोड, पालीमाला मार्ग, रणवार गांव, चिंबई, शर्ली और पाली गांव जैसे इलाकों में भी दिन के समय जलापूर्ति बाधित रहेगी। वहीं, खारदांडा, दांडपाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में शाम के समय कम दबाव से पानी मिलेगा। 28 मार्च की रात को डॉ। आंबेडकर मार्ग और पाली पठार के आसपास के क्षेत्रों में भी पानी की आपूर्ति बंद रहेगी।
ये भी पढ़ें :- मुंबई के सफाई कर्मचारियों को बड़ी राहत, 12,200 घरों में 50% आवास देने का फैसला
आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण पहले से कर लें और मरम्मत कार्य के दौरान पानी का संयमित उपयोग करें। साथ ही अगले चार से पांच दिनों तक पानी उबालकर और छानकर पीने की सलाह दी गई है। मनपा ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह कार्य भविष्य में बेहतर जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है।