मुंबई समेत MMR क्षेत्र में प्री-मानसून बारिश से बड़ी राहत; गर्मी से मिली निजात, कई जगह लगा लंबा ट्रैफिक जाम
Mumbai Rain News: मुंबई और आसपास के इलाकों में रविवार को गरज-चमक के साथ हुई प्री-मानसून बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, हालांकि कई जगह जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
- Written By: रूपम सिंह
बारिश से बड़ी राहत (फोटो.सोशल मीडिया)
Mumbai Weather Relief: पिछले कई दिनों से तेज धूप, चिपचिपी उमस और गर्मी से परेशान मुंबईवासियों को रविवार सुबह मौसम ने बड़ी राहत दी। छुट्टी के दिन अचानक बदले मौसम के मिजाज ने मुंबई महानगर क्षेत्र को बारिश की ठंडी फुहारों से सराबोर कर दिया। मुंबई शहर, उपनगरों, ठाणे, नवी मुंबई, रायगढ़ और पालघर के कई इलाकों में सुबह से बादलों का डेरा रहा और देखते ही देखते गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश शुरू हो गई। हालांकि, इस बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई, वहीं शहर में कई स्थानों पर मामूली जलभराव, बेहाल यातायात और लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला।
बता दें कि सुबह के समय गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा था, लेकिन कुछ ही घंटों में मौसम ने करवट बदल ली। बांद्रा, खार, सांताक्रूज, विले पार्ले, अंधेरी, वर्सोवा, दादर, माटुंगा, चेंबूर, कुर्ला और मानखुर्द सहित अनेक इलाकों में लगातार दो से तीन घंटे तक बारिश होती रही। बारिश के कारण वातावरण में ठंडक घुल गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश की वजह से कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर पानी जमा हो गया।
जलभराव के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और कई मार्गों पर लंबा जाम लग गया। सायन-पनवेल महामार्ग पर वाशी की दिशा में बारिश और एक सड़क दुर्घटना के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। वाहन चालकों को घंटों तक रेंगते हुए आगे बढ़ना पड़ा। दूसरी ओर मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रविवार को हुई बारिश को मानसून की दस्तक नहीं माना जा सकता। यह पूरी तरह प्री-मानसून गतिविधियों का परिणाम है।
सम्बंधित ख़बरें
एक रॉयल्टी पर 4 चक्कर! नागपुर के रेत घाटों पर बड़ा खेल उजागर; प्रशासन की भूमिका पर सवाल
चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी: मध्य रेल के कर्मचारियों ने कराई सुरक्षित प्रसूति, मां-बेटा दोनों स्वस्थ
लाडकी बहिन योजना हो जाएगी बंद! केवायसी प्रक्रिया महज एक बहाना, रोहित पवार के दावे से मचा हड़कंप
शक्तिपीठ महामार्ग के लिए सोलापुर के मानेगांव में नाप-जोख शुरू, किसानों के विरोध के बाद भारी पुलिस बल तैनात
यह भी पढे़ं:- चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी: मध्य रेल के कर्मचारियों ने कराई सुरक्षित प्रसूति, मां-बेटा दोनों स्वस्थ
नहीं घटी कोई अप्रिय घटना
अचानक हुई तेज बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालक फ्लाईओवर, स्काईवॉक और दुकानों की छतों के नीचे शरण लेते नजर आए। हालांकि, किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है, लेकिन मनपा और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे। उपनगरीय रेल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं, लेकिन कुछ लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चली।
