ठाणे MIDC ब्लास्ट: बदलापुर पैसिफिक केमिकल कंपनी में एक के बाद एक 10 धमाके, 3 किमी तक सुनाई दी आवाज

Thane News Hindi: महाराष्ट्र के बदलापुर स्थित पैसिफिक केमिकल कंपनी में 7 जनवरी की रात भीषण विस्फोट हुए। करीब 10 धमाकों से इलाका दहल उठा, हालांकि रात का समय होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ।
thane midc blast news
ठाणे MIDC में लगी आग, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Badlapur MIDC Blast: ठाणे जिले के बदलापुर स्थित खरवाई MIDC में बुधवार रात उस वक्त दहशत फैल गई जब पैसिफिक केमिकल कंपनी में एक के बाद एक कई भीषण धमाके हुए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे 3 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में आने वाले बदलापुर के खरवाई MIDC में 7 जनवरी की रात एक भयानक हादसा हुआ। पैसिफिक केमिकल कंपनी में रात के समय अचानक आग लगी, जिसने जल्द ही भीषण विस्फोटों का रूप ले लिया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, करीब 15 से 30 मिनट के अंतराल में लगभग 8 से 10 धमाके हुए। इन धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास की धरती कांपने लगी, जिससे लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचित किया।

3 किलोमीटर दूर तक दिखी आग की लपटें

हादसा इतना भीषण था कि आग की लपटें और धुएं का गुबार 2 से 3 किलोमीटर दूर से भी साफ देखा जा सकता था। धमाकों की गूंज ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी थी। सूचना मिलते ही बदलापुर दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना हुईं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

रात का समय बना 'जीवन रक्षक'

इस बड़ी त्रासदी में सबसे राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है। चूंकि विस्फोट रात के समय हुए थे, इसलिए फैक्ट्री के अंदर मजदूर या अन्य स्टाफ मौजूद नहीं था। आग बुझाने के बाद दमकल विभाग ने फैक्ट्री के भीतर सर्च ऑपरेशन भी चलाया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अंदर फंसा तो नहीं है। फिलहाल, पैसिफिक केमिकल कंपनी में हुए इन विस्फोटों के सही कारणों की जांच की जा रही है।

अंधेरी में आग का तांडव: दो लोगों ने गंवाई जान

जहां एक ओर बदलापुर में कोई जानहानि नहीं हुई, वहीं मुंबई के अंधेरी इलाके में एक अन्य दुखद घटना में दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा अंधेरी पूर्व के चांदीवली स्थित नारायण प्लाजा बिल्डिंग (टेक्स सेंटर) की तीसरी मंजिल पर स्थित एक ऑफिस में हुआ। आग लगने के बाद इमारत में धुआं भर गया, जिससे वहां मौजूद दो लोग बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com