महाराष्ट्र मुख्य सचिव दौड़ में भूषण गगराणी सबसे आगे (pic credit, social media)
मुंबई: राज्य प्रशासन में सबसे सम्मानित और प्रभावशाली पदों में से एक मुख्य सचिव का पद जल्द ही रिक्त हो जाएगा। क्योंकि मौजूदा मुख्य सचिव सुजाता सौनिक 30 जून को सेवानिवृत्त हो रही हैं। इससे पहले मुख्य सचिव पद पाने के लिए वरिष्ठ सिविल सेवकों के बीच खींचतान शुरू हो गई है। मिल रहे संकेतों के अनुसार, मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त भूषण गगरानी रेस में आगे चल रहे हैं।
सूत्रों का ऐसा दावा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ-साथ अजीत पवार भी गगरानी को मुख्य सचिव बनाने के पक्ष में हैं। गगरानी का कार्यकाल मार्च 2026 में समाप्त हो रहा है, इसलिए उन्हें मुख्य सचिव के रूप में लंबा कार्यकाल दिया जा सकता है।
मुख्य सचिव राज्य प्रशासन का सर्वोच्च पद होता है। राज्य सरकार की नीतियों की निर्णय प्रक्रिया में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। इसलिए यह पद न केवल प्रतिष्ठा बल्कि शक्ति और निर्णय लेने की शक्ति के मामले में भी बहुत प्रभावशाली माना जाता है। राज्य की मुख्य सचिव सुजाता सौनिक की सेवानिवृत्ति होने का दिन करीब आने के साथ ही राजनीतिक हलकों में उनके विकल्प को लेकर उत्कंठा बढ़ने लगी है। दूसरी तरफ सरकार की ओर से भी नए चेहरे की तलाश तेज कर दी गई है।
मजबूत है गगरानी की दावेदारी
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अपने दूसरी कार्यकाल में योजनाबद्ध ढंग से काम को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों के लिए 150 दिनों का लक्ष्य तय किया है। इसके उद्देश्यों की प्राप्ति में मुख्य सचिव की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के कार्यालयों सहित प्रशासन में गगरानी के अनुभव को देखते हुए, उनका चयन तय माना जा रहा है।
ये भी हैं दावेदारों में शामिल
राज्य के मुख्य सचिव की रेस में गगरानी के अलावा भी कुछ अधिकारी प्रमुख दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं। इनमें गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा मुंबई मनपा के पूर्व आयुक्त इकबाल सिंह चहल के साथ-साथ राजेश कुमार और राजेश अग्रवाल का भी नाम लिया जा रहा है।
राजेश कुमार- यद्यपि वरिष्ठता के मामले में कुमार सबसे वरिष्ठ हैं, लेकिन वे अगस्त 2025 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनका कार्यकाल केवल दो महीने का होगा।
राजेश अग्रवाल- नवंबर 2026 में सेवानिवृत्त होंगे, लेकिन उनका राजनीतिक महत्व कम माना जाता है।
इकबाल सिंह चहल- चहल भी मुख्य सचिव बनने के लिए उत्सुक बताए जा रहे हैं। ऐसा दावा किया जा रहा है कि वह भी पूरा जोर लगा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री फडणवीस के करीब जाने की कोशिशें भी शुरू कर दी हैं।