महाराष्ट्र कैबिनेट के 14 बड़े फैसले: 42 लाख किसानों को 3 महीने मुफ्त राशन, सिंचाई परियोजना को 5548 करोड़ मंजूर

Maharashtra Cabinet Decisions: महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक में 14 अहम फैसले लिए गए। 42.30 लाख किसानों को मुफ्त अनाज, नर्मदा-तापी लिंक परियोजना को मंजूरी, छात्रों के भत्ते में बढ़ोतरी का फैसला हुआ।
Devendra Fadnavis Maharashtra Cabinet Decisions
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीससोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

3 Highlights

  • किसानों को अगले तीन महीने तक प्रति व्यक्ति 5 किलो मुफ्त राशन मिलेगा

  • नंदुरबार की नर्मदा-तापी लिंक परियोजना के लिए 5,548 करोड़ रुपये मंजूर

  • वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों के लिए स्वतंत्र MPID न्यायाधिकरण

Free Ration to Farmers Maharashtra: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में बुधवार को हुई महाराष्ट्र मंत्रिमंडल की बैठक में किसानों, शिक्षा, स्वास्थ्य, श्रमिकों और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े 14 महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 33 जिलों के 42 लाख 30 हजार 783 किसानों को अगले तीन महीने तक प्रति व्यक्ति पांच किलो मुफ्त अनाज देने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा नंदुरबार जिले की नर्मदा-तापी लिंक परियोजना के लिए 5,548 करोड़ रुपये के प्रावधान को मंजूरी दी गई।

सरकार के निर्णय के अनुसार, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे आने वाले और डीबीटी योजना में शामिल नहीं किए गए किसानों को प्रति व्यक्ति तीन किलो चावल और दो किलो गेहूं मुफ्त दिया जाएगा।

नर्मदा-तापी लिंक परियोजना के लिए 5,548 करोड़ की मंजूरी

महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट की बैठक में नंदुरबार जिले की नर्मदा-तापी लिंक परियोजना के लिए 5,548 करोड़ रुपये के प्रावधान को मंजूरी दी गई। नर्मदा-तापी लिंक योजना के तहत छह डायवर्जन बांध बनाए जाने की योजना है। इससे क्षेत्र के करीब 26,526 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई का लाभ मिलेगा। साथ ही 11.50 मेगावाट बिजली का उत्पादन भी होगा।

स्वतंत्र एमपीआईडी न्यायाधिकरण स्थापित करने का फैसला

आर्थिक धोखाधड़ी करने वाली वित्तीय संस्थाओं पर शिकंजा कसने के लिए सरकार ने स्वतंत्र एमपीआईडी न्यायाधिकरण स्थापित करने का फैसला किया है। इसके तहत ऐसी संस्थाओं की संपत्तियां जब्त करने की प्रक्रिया तेज होगी और मामलों का निपटारा 90 दिनों के भीतर करने की समय सीमा निर्धारित की जाएगी। इसके लिए महाराष्ट्र जमाकर्ताओं के हितों का संरक्षण अधिनियम में संशोधन किया जाएगा।

एक जिला, एक अपील की व्यवस्था लागू होगी

राजस्व विभाग के मामलों के निपटारे के लिए रेवेन्यू कोर्ट केस मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके साथ ही 'एक जिला, एक अपील' की व्यवस्था लागू करने के लिए महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता, 1966 में संशोधन को मंजूरी दी गई है।

Devendra Fadnavis Maharashtra Cabinet Decisions
WhatsApp Web को लेकर महाराष्ट्र सरकार की चेतावनी, सरकारी कर्मचारियों से लॉगआउट करने की अपील

छात्रावास निर्वाह भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। EBC, SEBC और EWS वर्ग के स्वास्थ्य विज्ञान के व्यावसायिक डिग्री पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को डॉ. पंजाबराव देशमुख छात्रावास निर्वाह भत्ता योजना के तहत भोजन, आवास और निर्वाह भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। वहीं, निजी अनुदानित आयुर्वेद और यूनानी कॉलेजों के पुस्तकालयाध्यक्षों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार संशोधित वेतन संरचना लागू करने की मंजूरी दी गई।

शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को मिलेगा ये लाभ

शालार्थ प्रणाली में शामिल शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को आरबीआई में पंजीकृत गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। निजी अनुदानित स्कूलों के नियमन के लिए महाराष्ट्र निजी अनुदानित स्कूल (विनियमन) विधेयक, 2026 के प्रारूप को भी मंजूरी दी गई।

इसके अलावा महाराष्ट्र मुद्रांक अधिनियम की संबंधित धाराओं में संशोधन, दो विश्वविद्यालयों के अधिनियमों में बदलाव, माथाड़ी और निजी सुरक्षा रक्षकों से जुड़े कानूनों में संशोधन तथा राष्ट्रीय सहयोगी एवं स्वास्थ्य सेवा व्यवसाय आयोग अधिनियम से अक्यूपंक्चर चिकित्सा पद्धति को बाहर करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

Devendra Fadnavis Maharashtra Cabinet Decisions
महाराष्ट्र में परीक्षा धांधली पर 10 करोड़ जुर्माना, पेपर लीक करने वालों को 7 से 10 साल की जेल की सिफारिश

मौदा नगर पंचायत के प्रशासनिक भवन के लिए सरकारी जमीन

महाराष्ट्र लोक सेवा अधिकार अधिनियम, 2015 में संशोधन और नागपुर जिले की मौदा नगर पंचायत को प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए सरकारी जमीन उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया। सरकार के इन फैसलों से किसानों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।