RCC Classes Latur Shutdown: NEET पेपर लीक को लेकर महाराष्ट्र के लातूर शनिवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ। इस घोटाले में शिवराज मोटेगांवकर का नाम सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों और अभिभावकों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। लातूर के लोगों ने अब खुलकर मुख्य आरोपियों में से एक शिवराज मोटेगांवकर की कोचिंग संस्थान RCC क्लासेस को तुरंत और पूरी तरह से बंद करने की मांग की है।
लातूर में शनिवार को स्थानीय निवासियों ने शिवराज मोटेगांवकर के कोचिंग संस्थान RCC क्लासेस को बंद कराने के लिए प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रर्शनकारियों ने पोस्टर बैनर लेकर मोटेगांवकर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोचिंग संस्थान तक पहुंचे। प्रदर्शन को देखते हुए संस्थान के सामने भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
स्थानीय प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपी शिवराज मोटेगांवकर और उसके साथियों की काली करतूतों ने 'लातूर पैटर्न' की साख को मिट्टी में मिला दिया है। लोगों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच पूरी नहीं हो जाती और अदालत का कोई अंतिम फैसला नहीं आ जाता, तब तक RCC क्लासेस को पूरी तरह सील रखा जाए। निवासियों ने दो टूक कहा है कि अगर इस बीच क्लासेस को दोबारा जबरन शुरू करने की कोई भी कोशिश की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा और कोचिंग को किसी भी कीमत पर चलने नहीं दिया जाएगा।
लातूर शहर में प्रदर्शन कर रहे लोग सिर्फ RCC कोचिंग क्लासेस बंद कराने तक ही सिमित नहीं है। उन्होंने नीट पेपर लीक के मास्टरमाइंड शिवराज मोटेगांवकर, डॉ. मनोज शिरुरे और रिटायर्ड प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की भी मांग की है, क्योंकि उनकी साजिश के कारण देश में दो-तीन छात्रों ने आत्महत्या की थी।
यह भी पढ़ें:- NEET Paper Leak: आरोपी मनीषा वाघमारे को नहीं मिलेगी जमानत! वर्टिगो बीमारी पर कोर्ट ने कह दी इतनी बड़ी बात
प्रदर्शनकारियों ने RCC में चल रहे 11वीं कक्षा के एडमिशन का भी विरोध किया गया। लोगों का कहना है कि जिन लोगों ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है उन्हें नए एडमिशन लेने का कोई अधिकार नहीं है। साथ ही यह मांग की गई है कि जो छात्र 21 जून को दोबारा परीक्षा देने वाले हैं, उन्हें मुफ्त ट्यूशन क्लासेस दी जाएं।