महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा पर किसानों का उग्र प्रदर्शन, मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर लगा लंबा जाम; जानें ताजा अपडेट

Mumbai Bengaluru Highway Traffic Update: महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा पर किसानों के प्रदर्शन से मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर भारी जाम लग गया है। पुलिस ने यात्रियों को वैकल्पिक रास्ते अपनाने की सलाह दी है।
Kolhapur Karnataka Border Farmers Protest
महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा पर धरना प्रदर्शन करते किसानसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • राजु शेट्टी के नेतृत्व में कोगनोली टोल प्लाजा के पास किसानों के विरोध प्रदर्शन।

  • मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।

  • किसान गन्ने की कीमतों और इथेनॉल दरों में संशोधन जैसी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे हैं।

  • पुलिस ने इस मार्ग से बचने और गूगल मैप्स की मदद से वैकल्पिक रास्तों के इस्तेमाल की अपील की।

Maharashtra-Karnataka Border Farmers Protest: महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा पर किसानों के प्रदर्शन के कारण मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर यातायात बाधित हो गया है। मंगलवार सुबह से जारी इस आंदोलन के चलते महाराष्ट्र के कोल्हापुर सहित अन्य क्षेत्रों से कर्नाटक के बेलगावी और बेंगलुरु की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। पुलिस ने यात्रियों को इस मार्ग पर यात्रा करने से बचने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

पुलिस ने गूगल मैप्स के अधिकारियों को लिखा पत्र

कोल्हापुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रंजन कुमार शर्मा ने बताया कि कर्नाटक में महाराष्ट्र सीमा के पास कोगनोली टोल प्लाजा पर किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके कारण राजमार्ग पर यातायात जाम की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने गूगल मैप्स के अधिकारियों को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि प्रभावित हिस्से को बंद दिखाया जाए, ताकि वाहन चालक जाम वाले मार्ग पर जाने से बच सकें।

पुणे रेंज के पुलिस अधीक्षक (राजमार्ग) डॉ. शिवाजी पवार के कार्यालय के अनुसार, बुधवार सुबह तक स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ था। पुलिस का कहना है कि यातायात सामान्य होने में समय लग सकता है।

Kolhapur Karnataka Border Farmers Protest
महाराष्ट्र की 40 और तालुकाओं में सूखा घोषित: दिवाली से पहले किसानों के खाते में आएंगे ₹5000, CM फडणवीस का ऐलान

यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्गों पर इंतजाम

कोल्हापुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रंजन कुमार शर्मा ने यात्रियों से अपील की कि जब तक आवश्यक न हो, राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर यात्रा करने से बचें। यदि यात्रा टालना संभव नहीं है, तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। इन रास्तों पर यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिसकर्मियों की मदद से जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

शर्मा ने कहा कि स्थिति में सुधार होने पर यात्रियों को इसकी जानकारी दी जाएगी। यातायात सामान्य होने के बाद पुलिस गूगल मैप्स को भी सूचित करेगी, ताकि मार्ग बंद होने से संबंधित सूचना हटाई जा सके।

किसानों की तीन प्रमुख मांगें

  • चीनी का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलो किया जाए।

  • सी-हेवी इथेनॉल की कीमत बढ़ाकर 70 रुपये प्रति लीटर की जाए।

  • केंद्र सरकार के निर्देश पर चीनी का पेराई सत्र जल्दी शुरू करने के कारण किसानों को प्रति टन 500 रुपये की सहायता दी जाए।

Kolhapur Karnataka Border Farmers Protest
SIR प्रक्रिया और वोटर लिस्ट को लेकर चल रही हैं ये 8 बड़ी गलतफहमियां? CM देवेंद्र फडणवीस ने दूर किए भ्रम

पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसानों का प्रदर्शन जारी

बता दें कि किसान मंगलवार सुबह से गन्ने की कीमतों, चीनी का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने और इथेनॉल की दरों में संशोधन समेत विभिन्न मांगों को लेकर स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी के नेतृत्व में हजारों किसानों ने पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा पर कोगनोली टोल नाके और कर्नाटक के हत्तरकी टोल नाके पर किसानों के जमावड़े के कारण राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारी किसानों ने हाईवे पर ही भोजन की पंगत लगाई।

Navbharat Live
navbharatlive.com