पत्नी को मारकर मूछों पर दिया ताव, कोल्हापुर में हैवान पति का शक बना खौफनाक हत्या का कारण

Kolhapur Pethvadgaon Murder Deepak Amruta Kamble 2026: कोल्हापुर के पेठवडगांव में चरित्र पर शक के चलते पति दीपक कांबले ने पत्नी अमृता की कोयते से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी।
Kolhapur Pethvadgaon Murder
कोल्हापुर में पति का शक बना खौफनाक हत्या का कारण (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

Kolhapur Pethvadgaon Murder: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के पेठवडगांव इलाके से दिनदहाड़े एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां चरित्र पर संदेह के चलते एक सनकी पति ने बीच सड़क पर अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार (कोयते) से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। मृत महिला की पहचान अमृता कांबले के रूप में हुई है।

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने जो किया, उसने मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों को भी खौफ से भर दिया। हत्या के बाद आरोपी ने अत्यंत क्रूरता के साथ मूंछों पर ताव दिया और 'विषय खत्म' चिल्लाते हुए भागने लगा। हालांकि, स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी पति दीपक कांबले को हिरासत में ले लिया है।

मोबाइल पर लगाया खौफनाक स्टेटस

कोल्हापुर पुलिस के जांच में सामने आया है कि आरोपी दीपक कांबले इस हत्याकांड को सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम देने आया था। वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले दीपक ने अपने मोबाइल मैसेजिंग ऐप पर एक डरावना स्टेटस लगाया था, जिसमें उसने लिखा था। 'आज मेरा अंत, नहीं तो किसी और का'।

इस स्टेटस को लगाने के तुरंत बाद वह हथियार लेकर अपनी पत्नी की तलाश में निकल गया। शुरुआती जांच के मुताबिक, दीपक और अमृता ने आठ साल पहले बेहद चाव से प्रेम विवाह किया था। दोनों की दो मासूम बेटियां भी हैं, लेकिन पिछले कुछ महीनों से दीपक अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा था, जिसके चलते घर में आए दिन हिंसक झगड़े होते थे।

बीच सड़क पर कोयते से किए कई वार।

यह खूनी खेल बुधवार को पेठवडगांव के एसटी बस स्टैंड के ठीक पीछे बने एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के पास खेला गया। अमृता अपने पति के रोज-रोज के झगड़ों और प्रताड़ना से तंग आकर कानूनी सलाह लेने के लिए एक वकील से मिलने वहां पहुंची थी। इसकी भनक लगते ही आरोपी दीपक भी कोयता छिपाकर वहां धमक गया।

कॉम्प्लेक्स के बाहर दोनों के बीच काफी तीखी बहस हुई। बहस इतनी बढ़ गई कि दीपक ने आव देखा न ताव, अपने पास छिपाकर रखा भारी-भरकम कोयता निकाला और अमृता पर एक के बाद एक कई जानलेवा वार कर दिए। हमला इतना अचानक और भीषण था कि अमृता खुद को संभाल नहीं पाईं और चंद सेकंड में खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ीं।

मेरी पत्नी है, बीच में मत आओ, बचाने दौड़े युवकों को दी धमकी

दिनदहाड़े सड़क पर महिला की हत्या देख वहां मौजूद भीड़ में हड़कंप मच गया। जब कुछ साहसी युवकों ने अमृता की जान बचाने के लिए दीपक को रोकने का प्रयास किया, तो हत्यारे ने हवा में हथियार लहराते हुए चिल्लाकर कहा, 'यह मेरी पत्नी है, कोई भी हमारे बीच में मत पड़ो, नहीं तो ठीक नहीं होगा।' इसके बाद उसने जमीन पर तड़प रही अमृता पर आखिरी घातक वार किया, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।

अमृता की मौत सुनिश्चित करने के बाद उसने मूंछों पर ताव दिया और मौके से फरार हो गया। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही पेठवडगांव पुलिस ने नाकाबंदी कर भाग रहे आरोपी दीपक को कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। पुलिस ने हत्या का हथियार जब्त कर लिया है और दोनों बच्चियों की सुरक्षा व आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com