

कोल्हापुर में 19 वर्षीय युवक ने चाचा के घर से 15 तोले सोना चुराया।
10 लाख में गहने बेचकर खरीदी महिंद्रा थार।
कोडोली पुलिस ने आरोपी भतीजे और सुनार को गिरफ्तार किया।
Kolhapur Nephew Steals Gold Thar Car Purchase: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले की पन्हाला तहसील के सातवे गांव में चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 19 वर्षीय युवक पर अपने ही चचेरे चाचा के घर से 15 तोले सोने के गहने चुराने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, गहने बेचकर मिले 10 लाख रुपये से युवक ने नई महिंद्रा थार खरीदी। हैरानी की बात यह रही कि उसने नई गाड़ी की पूजा के लिए अपने पीड़ित चाचा को भी आमंत्रित कर दिया। मामले में कोडोली पुलिस ने आरोपी युवक और चोरी के गहने खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, सातवे गांव निवासी 19 वर्षीय समर पोपट चव्हाण के घर के पास ही उसके चचेरे चाचा उमेश मारुती चव्हाण रहते हैं। करीब एक महीने पहले समर ने कथित तौर पर चाचा के घर से 15 तोले सोने के गहने चुरा लिए। इसके बाद उसने गांव के सुनार संग्राम बाबासो मोरे के माध्यम से इन गहनों को 10 लाख रुपये में बेच दिया।
कोल्हापुर जिले पुलिस के अनुसार, गहने बेचने से मिली रकम का इस्तेमाल कर समर ने नई महिंद्रा थार खरीदी। गाड़ी घर लाने के बाद उसने पूजा का आयोजन किया और अपने चाचा उमेश चव्हाण को भी इसमें शामिल होने का न्योता दिया।
पूजा में जाने की तैयारी करते समय उमेश चव्हाण ने पहनने के लिए अपने गहने तलाशे, लेकिन वे अलमारी से गायब मिले। परिवार ने पाया कि पास में रखे दादी के गहने सुरक्षित थे, जबकि उमेश और उनकी पत्नी के गहने ही गायब थे। इससे परिवार को किसी करीबी पर संदेह हुआ।
उमेश चव्हाण ने कोडोली पुलिस थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान समर की अचानक महंगी गाड़ी खरीदने की बात पुलिस के संदेह के घेरे में आई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में समर ने चोरी की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे और चोरी का सोना खरीदने के आरोप में सुनार संग्राम मोरे को गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई प्रशिक्षार्थी पुलिस उपाधीक्षक श्रीकांत ठिकणे के मार्गदर्शन में पुलिस हवलदार युवराज पाटील और बाबासो कीटे तथा पुलिस कांस्टेबल महेश कदम, अमोल चव्हाण और महेश शिंदे की टीम ने की। घटना के सामने आने के बाद सातवे गांव में इसकी चर्चा हो रही है।