

Maharashtra Dry Port Development: महाराष्ट्र के जालना में बनाया गए ड्रायपोर्ट को मराठवाड़ा के विकास की धुरी माना जा रहा था। लेकिन ड्रायपोर्ट खुलने से पहले ही विवादों में घिर गया है। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रावसाहेब दानवे के पांच बार सांसद रहने के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में पहचाने जाने वाले इस ड्रायपोर्ट को महसूल विभाग ने सील कर दिया है।
जालना की तहसीलदार छाया थोरात की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। ड्रायपोर्ट प्राधिकरण पर दरेगाव और जवसगाव शिवार की जमीन का कुल 85 लाख रुपए का भूमि राजस्व बकाया है। बार-बार मांग के बावजूद प्राधिकरण ने इसका भुगतान नहीं किया, जिसके कारण यह सख्त कदम उठाया गया. तहसीलदार ने स्पष्ट किया है कि बकाया चुकाए बिना सील नहीं हटाई जाएगी।
जालना शहर के निकट दरेगाव में 495 एकड़ भूमि पर बना यह ड्रायपोर्ट जवाहरलाल नेहरू बंदर प्राधिकरण और नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड ने मिलकर विकसित किया है। चंद्रपुर की एक कंपनी को इसे 15 साल तक संचालित करने का अधिकार दिया गया है।
यहां अभी कंटेनर यार्ड, वेयरहाउस और लिफ्टिंग टर्मिनस जैसी सुविधाएं बननी बाकी हैं। ड्रायपोर्ट के प्रबंधक विकास मलिक ने बताया कि बकाया राशि की फाइल मंजूरी के लिए भेजी जा चुकी है और सोमवार तक मामला सुलझ जाने की उम्मीद है।