

जलगांव जिला बैंक चुनाव में एक भी सीट न मिलने से विधायक चंद्रकांत निंबा पाटिल नाराज
चंद्रकांत पाटिल ने महायुति में अनदेखी का आरोप लगाया
पालकमंत्री गुलाबराव पाटिल के बढ़ते वर्चस्व के बीच सियासी खींचतान तेज
MLA Chandrakant Patil Angry: जलगांव जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक चुनाव में सीट बंटवारे का विवाद अब महज सहकार क्षेत्र का मुद्दा नहीं रह गया है। मुक्ताईनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और शिवसेना नेता चंद्रकांत निंबा पाटिल की सार्वजनिक नाराजगी ने महायुति के भीतर दबे असंतोष को सतह पर ला दिया है। एक सीट नहीं मिलने पर जिस तरह उन्होंने अपनी ही पार्टी और गठबंधन नेतृत्व के खिलाफ तल्ख तेवर अपनाए हैं, उससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि जिले में राजनीतिक वर्चस्व और हिस्सेदारी को लेकर अंदरखाने खींचतान तेज हो चुकी है।
जलगांव जिला बैंक चुनाव में महायुति के अधिकांश प्रभावशाली नेताओं को प्रतिनिधित्व मिला, लेकिन चंद्रकांत पाटिल के हिस्से एक भी सीट नहीं आने से वे खुलकर सामने आ गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें महायुति में "गाफिल" रखा गया और अब शिवसेना से किसी प्रकार की मदद या राजनीतिक अपेक्षा नहीं बची है। मुख्यमंत्री से मिलने की इच्छा नहीं होने और किसी के पास अपनी पीड़ा लेकर नहीं जाने जैसे बयानों ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
जानकारों की मानें तो यह नाराजगी केवल एक सीट नहीं मिलने की प्रतिक्रिया भर नहीं है। इसके पीछे जलगांव जिले की बदलती सत्ता संरचना और राजनीतिक प्रभाव का संघर्ष भी दिखाई दे रहा है। पिछले कुछ वर्षों में पालकमंत्री गुलाबराव पाटिल ने संगठन, सत्ता और सहकार क्षेत्र में अपनी पकड़ लगातार मजबूत की है।
जलगांव जिला की राजनीति के लगभग हर बड़े फैसले में पालकमंत्री गुलाबराव पाटिल की भूमिका प्रभावी मानी जाती है। ऐसे में चंद्रकांत निंबा पाटिल की नाराजगी को जिले में बढ़ते राजनीतिक वर्चस्व के खिलाफ असहमति के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
हालांकि शिवसेना विधायक चंद्रकांत पाटिल ने किसी नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयानों के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। खासकर यह सवाल उठने लगा है कि जलगांव जिले में महायुति के भीतर शक्ति का संतुलन किस तरफ झुक रहा है और किन नेताओं को निर्णय प्रक्रिया से दूर रखा जा रहा है।
राजनीतिक दृष्टि से यह घटनाक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि आने वाले समय में स्थानीय निकाय, पंचायत संस्थाओं और सहकार क्षेत्र के चुनाव होने हैं। ऐसे दौर में यदि नाराजगी जमीनी स्तर तक पहुंचती है तो उसका असर चुनावी गणित पर भी पड़ सकता है।
फिलहाल जलगांव जिला बैंक की एक सीट ने इतना जरूर साबित कर दिया है कि महायुति में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं है। अब नजर इस बात पर है कि नेतृत्व इस असंतोष को समय रहते शांत कर पाता है या फिर यह नाराजगी आगे चलकर महायुति की राजनीति में बड़ी दरार का रूप लेती है।