जलगांव ST बस हादसा, ब्रेक फेल होने से 3 किमी बेकाबू दौड़ती रही बस, 35 घायल
MSRTC Brake Failure: धुले-भुसावल मार्ग पर ST बस का भीषण हादसा। ब्रेक फेल होने के बाद 3 किलोमीटर तक मौत की रफ़्तार से दौड़ी बस। 35 यात्री घायल, ड्राइवर-कंडक्टर की हालत गंभीर। पूरी खबर पढ़ें।
- Written By: गोरक्ष पोफली
बस हादसे की प्रतीकात्मक फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Jalgaon ST Bus Accident: जलगांव जिले में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है, जहाँ महाराष्ट्र राज्य परिवहन (ST) की एक बस तकनीकी विफलता के कारण मौत की मशीन बन गई। धुले से भुसावल की ओर जा रही इस बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिसके बाद करीब 3 किलोमीटर तक बस सड़क पर बेकाबू होकर दौड़ती रही। इस दौरान बस में सवार 50 से 60 यात्रियों की जान हलक में अटकी रही।
चीख-पुकार और दहशत का मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों और घायल यात्रियों के अनुसार, बस जब पारोला से निकली और एरंडोल के समीप धारागीर गांव के पास पहुँची, तभी से वाहन के निचले हिस्से से अजीब और डरावनी आवाजें आने लगी थीं। यात्रियों ने चालक को सचेत करने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ब्रेक पूरी तरह काम करना बंद कर चुके थे। बस कभी मुख्य सड़क पर तो कभी ऊबड़-खाबड़ ढलानों पर अनियंत्रित होकर भाग रही थी। यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगे।
निकल गए पहिये, बैरियर ने बचाई जान
हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बेकाबू रफ्तार के दौरान बस के पहिये तक बाहर निकल गए। चालक ने साहस दिखाते हुए बस को नियंत्रित करने का भरसक प्रयास किया, लेकिन ढलान और रफ़्तार के कारण यह लगभग असंभव था। आखिरकार, बस सड़क किनारे लगे लोहे के सुरक्षा बैरियर (Safety Barrier) से जोरदार तरीके से जा टकराई। इस टक्कर के कारण बस की रफ़्तार थमी, वरना बस किसी गहरी खाई में गिर सकती थी या किसी अन्य वाहन से टकराकर बड़े नरसंहार का कारण बन सकती थी।
सम्बंधित ख़बरें
4 राज्यों में जीतना तय, केरल में भी खिलाएंगे कमल, रामदास आठवले का बड़ा दावा
छत्रपति संभाजीनगर मनपा का मेगा अतिक्रमण अभियान, सेवेन हिल से दर्गाह चौक तक 144 अतिक्रमण ध्वस्त
बड़ी खुशखबरी! अब डिग्री के लिए नहीं करना होगा दीक्षांत समारोह का इंतज़ार, डिजीलॉकर पर तुरंत मिलेगी मार्कशीट
भंडारा में 44 डिग्री का टॉर्चर: ट्रांसफार्मर को फुंकने से बचाने के लिए महावितरण ने लगाए कूलर, मशीनरी हुई बेहाल
चालक-कंडक्टर की हालत नाजुक
इस भीषण भिड़ंत में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। बस चालक और कंडक्टर, जो सामने की ओर थे, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धुलिया रेफर किया गया है। वहीं, बस में सवार अन्य 30 से 35 यात्रियों को जलगांव के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कई यात्रियों को गंभीर आंतरिक चोटें आई हैं और वे गहरे सदमे में हैं।
यह भी पढ़ें: जलगांव में मातम: दुल्हन की मेहंदी सूखने से पहले ही उजड़ गया संसार, भीषण सड़क हादसे में 3 की मौत
रखरखाव पर उठे गंभीर सवाल
यह घटना महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम की बसों के रखरखाव (Maintenance) की पोल खोलती है। यात्रियों का आरोप है कि बस की हालत पहले से ही जर्जर लग रही थी। बीच रास्ते में पहियों का निकल जाना और ब्रेक फेल होना सीधे तौर पर प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। नागरिकों ने मांग की है कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में यात्रियों की जान दांव पर न लगे।
