जलगांव में वोटर लिस्ट का बड़ा SIR: 5.14 लाख नाम प्रारूप सूची से बाहर, 30 सितंबर तक नाम जुड़वाने का मौका

Jalgaon Electoral Roll: जलगांव जिले में SIR के बाद प्रारूप मतदाता सूची से 5,14,836 नाम बाहर किए गए हैं। मृत, अनुपस्थित और स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं समेत विभिन्न श्रेणियां शामिल हैं।
jalgaon sir 5 14 lakh names out voter list
जलगांव वोटर लिस्ट(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Special Intensive Revision Jalgaon: मतदाता सूची को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) में जलगांव जिले में बड़ा फेरबदल सामने आया है। 31 अगस्त को जारी प्रारूप मतदाता सूची से 5 लाख 14 हजार 836 नाम बाहर हैं। इनमें मृत, अनुपस्थित, स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके, पहले से पंजीकृत और अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। हालांकि मृत मतदाताओं को छोड़कर पात्र लोगों के लिए नाम दोबारा सूची में शामिल कराने का रास्ता खुला है। इसके लिए 30 सितंबर तक दावा-आपत्ति दाखिल की जा सकेगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर रोहन घुगे के कार्यालय से जारी जानकारी के मुताबिक, SIR के बाद जिले की प्रारूप मतदाता सूची में कुल 30 लाख 37 हजार 456 मतदाता हैं। इनमें 15 लाख 67 हजार 375 पुरुष, 14 लाख 69 हजार 997 महिलाएं और 84 तृतीयपंथी मतदाता हैं। चालीसगांव विधानसभा क्षेत्र 3 लाख 20 हजार 872 मतदाताओं के साथ सबसे बड़ा है, जबकि भुसावल में 2 लाख 34 हजार 391 मतदाता दर्ज हैं।

5.14 लाख नाम क्यों बाहर हुए?

SIR के दौरान जिन मतदाताओं ने BLO के पास Enumeration Form जमा नहीं किया, उनके नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं किए गए। विभाग के आंकड़ों के अनुसार इनमें 93,709 मृत, 95,808 अनुपस्थित, 2,62,545 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 1,740 अन्य और 61,034 पहले से पंजीकृत मतदाता शामिल हैं। ASDD श्रेणी के इन मतदाताओं की सूची संभावित कारणों के साथ संबंधित कार्यालयों और जिला वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

jalgaon sir 5 14 lakh names out voter list
Jalgaon: सड़क किनारे खुले कुएं बने जानलेवा, सर्वे में खुलासा, 28 कुएं खतरनाक स्थिति में; निगम की कार्रवाई शुरू

नाम छूटा तो घबराएं नहीं

पात्र मतदाता 30 सितंबर तक फॉर्म-6 के जरिए नाम शामिल कराने का दावा कर सकते हैं। 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाता भी फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकेंगे। मतदाता सूची में सुधार के लिए फॉर्म-8 और किसी नाम पर आपत्ति के लिए फॉर्म-7 की सुविधा उपलब्ध है। आवेदन ऑनलाइन भी किए जा सकते हैं।

4 नवंबर को आएगी फाइनल सूची

दावे और आपत्तियां मिलने के बाद 31 अगस्त से 29 अक्टूबर तक नोटिस, सुनवाई और निपटारे की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 4 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मतदाताओं की सहायता के लिए 1950 टोल-फ्री हेल्पलाइन सुबह 10 से शाम 6 बजे तक चालू रहेगी। निर्वाचन विभाग ने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रारूप सूची में अपना नाम जांचें और नाम नहीं होने की स्थिति में निर्धारित अवधि में दावा जरूर दाखिल करें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com