

Maharashtra Farmer Loan Waiver Scheme: महाराष्ट्र सरकार द्वारा लागू की गई पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना का लाभ लेने के लिए किसानों की फार्मर आईडी आवश्यक है। हालांकि, वर्ष 2024 के बाद वारस फेरफार व जमीन की खरीदी-बिक्री करने वाले किसानों की भूमि संबंधी रिकॉर्ड में बदलाव होने के बावजूद कई किसानों की फार्मर आईडी अपडेट नहीं हुई है।
इसके चलते पात्र किसानों के कर्जमुक्ति योजना के लाभ से वंचित रहने की आशंका जताई जा रही है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए विधायक विजय रहांगडाले ने महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
विधायक रहांगडाले ने मांग की है कि वर्ष 2024 के बाद वारस फेरफार व खरीदी-बिक्री के कारण जिन किसानों की भूमि संबंधी जानकारी बदली है, उनकी फार्मर आईडी तत्काल अपडेट करने के लिए संबंधित विभाग व अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। फार्मर आईडी अपडेट होने से पात्र किसानों के लिए पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना का लाभ प्राप्त करने का रास्ता आसान होगा।
कोई भी पात्र किसान तकनीकी अथवा रिकॉर्ड अपडेट नहीं होने के कारण कर्जमुक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे, ऐसी भूमिका रहांगडाले ने रखी है। किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए इस मामले को शासन स्तर पर तत्काल हल करने की मांग उन्होंने राजस्व मंत्री से की है।