नांदगांव-कुरहा मार्ग बना ‘मौत का रास्ता’, घटिया निर्माण से 3 की जान; नागरिकों में आक्रोश
नांदगांवकुरहा मार्ग पर घटिया निर्माण कार्य के कारण 3 लोगों की जान गई। स्थानीय नागरिकों में आक्रोश, प्रशासन की चुप्पी पर सवाल।
Maharashtra Road Construction News: चांदूर रेलवे क्षेत्र में नांदगांव खंडेश्वर से कुरहा तक बन रही कांक्रीट सड़क अब विवादों के घेरे में आ गई है। निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं और तकनीकी लापरवाही के चलते अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता के मानकों को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। 40 मिमी गिट्टी के साथ 25, 20 और 6 मिमी गिट्टी में मिट्टी मिलाकर उपयोग किया जा रहा है। मुरुम के नाम पर भी केवल मिट्टी का इस्तेमाल होने की बात सामने आई है। इतना ही नहीं, तकनीकी नियमों के विपरीत पुरानी डामर सड़क को हटाए बिना उसके ऊपर ही सीधे कांक्रीट डाला जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि कांक्रीट बिछाने के बाद आवश्यक पानी नहीं दिया जा रहा, जिससे सड़क के जल्दी खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
सम्बंधित ख़बरें
राणे को अब कोई सिरीयसली नहीं लेता; आखिर भाजपा के फायरब्रांड नेता पर क्यों भड़के इदरीस नायकवाडी?
कच्चे तेल की निर्भरता कम करने के लिए हाइड्रोजन और सौर ऊर्जा पर भारत का दांव, पूर्व BPCL प्रमुख का बड़ा बयान
हिंगनघाट में जंगली सूअर का आतंक: वडनेर और आजनसरा में हमला कर महिला व पुरुष को किया गंभीर रूप से घायल
वर्धा में सहकारी पतसंस्था के अध्यक्ष पर 28 लाख हड़पने का आरोप, संयुक्त खाते से धोखाधड़ी, थाने में शिकायत
निर्माण के लिए कांक्रीट मिक्सचर चांदूर रेलवे स्थित आरएमसी प्लांट से लाया जा रहा है, लेकिन परिवहन के दौरान डंपरों से कांक्रीट का घोल सड़कों पर गिर रहा है। शहर के मुख्य मार्ग और कुरहा रोड पर फैला यह मलबा सूखकर खतरनाक हो गया है, जिससे दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
दोनों ओर से सड़क खोद दिए जाने और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं होने से यह रास्ता और भी खतरनाक बन गया है। किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को ले जाने वाली एम्बुलेंस के लिए यह मार्ग किसी दुःस्वप्न से कम नहीं है।
नागरिकों ने मांग की है कि सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए, दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, यात्रियों की सुरक्षा के लिए तत्काल वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए तथा सड़कों पर फैले कांक्रीट मलबे को तुरंत साफ किया जाए।
