खातिया-आंभोरा मार्ग बना जी का जंजाल, सफर करने वालों के लिए मौत का सफर, संबंधित विभाग की अनदेखी

Khatiya Aambhora Road Condition: खातिया-आंभोरा मार्ग की बदहाल स्थिति से यात्रियों की जान जोखिम में। गड्ढों से भरी सड़क पर दुर्घटनाएं बढ़ीं। नागरिकों ने विभाग से तत्काल मरम्मत की मांग की।
खातिया-आंभोरा मार्ग बना जी का जंजाल
खातिया-आंभोरा मार्ग बना जी का जंजाल (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Gondia Road: गोंदिया जिले में आए दिन होने वाली अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं जर्जर और अधूरे मार्ग कार्यों के कारण हो रही हैं। शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से नागरिकों में गहरा रोष है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा इस ओर कोई ठोस ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

खातिया से आंभोरा बायपास मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई नागरिक इस मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त भी हुए हैं। हालांकि जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

अनदेखी के कारण हो रही दुर्घटनाएं

खातिया-आंभोरा मार्ग से रात या देर रात आने-जाने वाले लोगों के लिए स्थिति और भी खतरनाक बन जाती है। संबंधित विभाग की जानबूझकर की जा रही अनदेखी के कारण दुर्घटनाएं लगातार बनी हुई हैं। एक ओर शासन गांवों को शहरों से जोड़ने के लिए उत्तम मार्ग बनाने की बात करता है, वहीं दूसरी ओर ठेकेदारों द्वारा घटिया गुणवत्ता का सड़क निर्माण किया जा रहा है, जिसकी पोल अब खुलने लगी है। मार्ग इतना जर्जर हो चुका है कि मोटरसाइकिल सवारों से लेकर चारपहिया वाहन चालकों तक, सभी को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

जल्द मरम्मत की मांग तेज

इस मार्ग पर कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। गहरे गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है। कई बार लोग गड्ढों में फिसलकर गिरते भी देखे गए हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग ध्यान देने को तैयार नहीं है, जिसके चलते यह मार्ग नागरिकों के लिए जी का जंजाल बन गया है।

खातिया-आंभोरा बायपास रोड से रोजाना सैकड़ों लोग गोंदिया आना-जाना करते हैं। रात के समय भी बड़े पैमाने पर इसी मार्ग का उपयोग किया जाता है। क्षेत्र के नागरिकों ने इस मार्ग की तत्काल मरम्मत करने की मांग की है।

मार्ग की मरम्मत जल्द करें : विजय लोणारे

कामठा के पूर्व जिप सदस्य विजय लोणारे ने कहा कि  “संबंधित विभाग का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। यदि समय रहते मार्ग की मरम्मत नहीं की गई, तो बड़ी दुर्घटना होने की संभावना है। हम मांग करते हैं कि मार्ग की हालत को देखते हुए तत्काल मरम्मत की जाए।”

Navbharat Live
navbharatlive.com