दिवाली संग चुनावी धमाल! गोंदिया में टिकट की जंग तेज, शुरू हुई पोस्टरबाजी
Gondia News: दिवाली के साथ गोंदिया नगर परिषद चुनाव की सरगर्मी तेज। खुली महिला श्रेणी से नगराध्यक्ष पद आरक्षित होने पर दावेदारों में जोश, पोस्टरबाजी शुरू। अब असली जंग टिकट और प्रभाग जोड़ियों की है।
- Written By: आकाश मसने
गोंदिया नगर परिषद (सोर्स: सोशल मीडिया)
Gondia Municipal Council Elections: दिवाली में अब सिर्फ दो दिन बाकी हैं। पूरे गोंदिया शहर में त्योहारी चहल-पहल है। लेकिन इसी के साथ अब नगर परिषद चुनाव की गर्माहट भी तेजी से बढ़ने लगी है। नगराध्यक्ष पद और प्रभागवार आरक्षण का चित्र स्पष्ट होते ही इच्छुक उम्मीदवारों में उत्साह और जोश दिखाई दे रहा है। कई दावेदारों ने अब खुलकर अपनी दावेदारी पेश करना शुरू कर दिया है।
इस बार नगर परिषद में एक प्रभाग की बढ़ोतरी हुई है और कुल 35 सदस्यों का चुनाव होना है। वहीं, खुली श्रेणी की महिला के लिए नगराध्यक्ष पद आरक्षित होने से इस बार अनेक दिग्गज मैदान में उतरने की संभावना निर्माण हो गई है और इसी कारण अब आयाराम गयाराम का खेल शुरू हो गया है।
आरक्षण की वजह से कई पुराने दावेदारों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। कुछ ने अब प्रभाग स्तर पर अपनी सेटिंग बनाना शुरू कर दिया है, तो कुछ ने नगराध्यक्ष पद की दावेदारी के लिए सीधे प्रचार शुरू कर दिया है।
सम्बंधित ख़बरें
इटियाडोह के सिंचाई नहर की 20 वर्षों से नहीं हुई मरम्मत, सोनपुरी क्षेत्र के किसानों ने जताई चिंता
कोरोना काल के ‘हेल्थ हीरोज’ दाने-दाने को मोहताज; गोंदिया में NHM कर्मचारियों का मार्च से वेतन बकाया
गोंदिया: तिरोड़ा डाकघर में BSNL नेटवर्क ठप, 2 दिन से ऑनलाइन सेवाएं बंद; पैसों के लेन-देन के लिए भटक रहे ग्राहक
गोंदिया में अवैध लिंग जांच करने वालों की अब खैर नहीं, कन्या भ्रूण हत्या रोकने को एक्शन में सरकार
टिकट पाने के लिए भागदौड़
दिवाली शुभकामनाओं की आड़ में प्रचार की शुरुआत की गई है। चुनावी प्रचार की आधिकारिक घोषणा भले ही न हुई हो, लेकिन शहर में पोस्टरबाजी ने माहौल पहले से ही गरमा दिया है। दिवाली के बहाने शुभकामना संदेशों वाले होर्डिंग्स पर नेताओं के चेहरे झलकने लगे हैं। हर चौक-चौराहे पर इच्छुक उम्मीदवारों के बैनर और पोस्टर लग चुके हैं।
दिवाली की शुभकामनाओं की आड़ में चुनावी प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। इच्छुक उम्मीदवारों ने अपनी तैयारी तो शुरू कर दी है, लेकिन अब असली जंग पार्टी टिकट पाने की है। इसके लिए कई नेता और कार्यकर्ता वरिष्ठ पदाधिकारियों से संपर्क बढ़ा रहे हैं।
यह भी पढ़े:- दिवाली गिफ्ट! फडणवीस सरकार ने 45 अफसरों को दी बड़ी सौगात, 22 का हुआ प्रमोशन
नेता पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और जुड़ाव साबित करने में जुटे हैं। इसमें पार्टी के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारी दोनों शामिल हैं। वहीं, कई नए चेहरे भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं, जो पद की लालसा में सक्रिय हो गए हैं।
नगर परिषद चुनाव को लेकर कई इच्छुक उम्मीदवारों में बेकरारी नजर आ रही है। कईयों ने पार्टी की अधिकृत घोषणा से पहले ही खुद को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। नगराध्यक्ष पद के लिए दावेदारी करने वाले कुछ नेताओं ने तो शहर के प्रभागों में जाकर जनसंपर्क अभियान और शुभकामना सभाएं शुरू कर दी हैं।
प्रभागों में हो रही जोड़ियों की तलाश
नगर परिषद में इस बार 17 प्रभागों से 35 सदस्य चुने जाने हैं। यानी एक प्रभाग से दो सदस्य निर्वाचित होंगे। केवल एक प्रभाग ऐसा है, जिसमें तीन सदस्य चुने जाएंगे। ऐसे में हर पार्टी को मजबूत जोड़ी तैयार करनी होगी।
पार्टी के रणनीतिकार दमदार उम्मीदवारों की जोड़ी जमाने में जुट गए हैं, तो दूसरी ओर उम्मीदवार खुद भी संभावित साथियों के साथ समीकरण बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पार्टी नेताओं की चिंता बढ़ गई है, और वे भी अब प्रभागवार समीकरणों पर नजर रख रहे हैं।
