Gondia News: बघेड़ा स्थित अरविंद विद्यालय में पर्यावरण शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम तथा सामुदायिक स्वच्छता अभियान का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राध्या.राजकुमार चांदेवार ने की.इस आयोजन में सामाजिक वनीकरण उपविभाग, तुमसर के के.डब्ल्यू. मसराम, एस.आर. उके, आर.एम. माटे और एल.एम. जवलगे ने मुख्य मार्गदर्शक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को वृक्षों के संरक्षण, जैव विविधता की सुरक्षा तथा सतत जीवनशैली अपनाने के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दिया.कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध लेखन और छात्र प्रस्तुतियां शामिल थीं.
इन गतिविधियों के माध्यम से वृक्षारोपण, पुनर्चक्रण रीसाइक्लिंग और गैरपारंपरिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया. इस पहल को एक पेड़ माँ के नाम जैसे प्रेरणादायक संदेश से जोड़ा गया, जिसने छात्रों और उपस्थित लोगों को विशेष रूप से प्रेरित किया.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षक हितेश कडव, राकेश नेमा, कुणाल नायक, मिलिंद कापगते, हर्षा तरते, देवानंद लांजे तथा छात्र परिषद के पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. कार्यक्रम का संचालन संजय बर्वे ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि शिक्षक राहुल पशिने ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया.