बैटर गोंदिया ऐप लॉन्च (सौजन्य-नवभारत)
Better Gondia Mitra App Launch: लोकतंत्र में जनता को प्राथमिकता देकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने जनता की विभिन्न समस्याओं का समाधान करना आवश्यक होता है। ‘बेटर गोंदिया मित्र’ ऐप के माध्यम से नागरिकों, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
ऐसा प्रतिपादन जिलाधीश कार्यालय के नियोजन भवन में ऐप के अनावरण अवसर पर किया। कार्यक्रम में अपर जिलाधीश मीनाज मुल्ला, पुलिस निरीक्षक नंदिनी चानपुरकर, बेटर गोंदिया संस्था के पदाधिकारी डॉ. विकास जैन और दिलीप जैन उपस्थित थे। नायर ने कहा कि यह ऐप प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए बनाया गया है।
यह नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होगा। इस ऐप का इस्तेमाल लोग वाट्सएप के जरिए कर सकते हैं और इस ऐप के फीचर्स समझने में बेहद आसान हैं। इसका इस्तेमाल हर उम्र के नागरिक आसानी से कर सकते हैं। ‘बेटर गोंदिया मित्र’ ऐप के जरिए नागरिक अपनी समस्याओं का समाधान पा सकते हैं।
इस ऐप को बनाने में बेटर गोंदिया संस्था का बहुत बड़ा योगदान है। यह ऐप नागरिकों की समस्याओं के समाधान में सहायक होगा। इस ऐप के माध्यम से जिले के नागरिकों की समस्याओं पर ध्यान दिया जाएगा और प्रशासन द्वारा उनका समाधान किया जाएगा।
नायर ने जिले के अधिकाधिक नागरिकों से इस ऐप का लाभ उठाकर अपनी समस्याओं का समाधान करने की अपील की है। बेटर गोंदिया संस्था के पदाधिकारी तरुण मनुजा ने कंप्यूटर प्रेजेंटेशन देकर बताया कि आम जनता ‘बेटर गोंदिया मित्र’ ऐप का इस्तेमाल कैसे कर सकती है। उन्होंने जिले के हर नागरिक से अपील की कि वे गोंदिया को बेटर बनाने में अपना अमूल्य योगदान दें।
यह भी पढ़ें – गोंदिया नगर परिषद चुनाव में मची होड़, नए-पुराने दावेदार आमने-सामने, नेताओं से बढ़ा मेलजोल
इस अवसर पर जिले के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए गणमान्यों की उपस्थिति में वाट्सएप नंबर 7875441601 के साथ एक क्यूआर कोड जारी किया गया। प्रस्तावना डॉ. विकास जैन ने रखी। संचालन जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी राजन चौबे ने किया व आभार बेटर गोंदिया संस्था के पदाधिकारी अपूर्व मेठी ने किया।
कार्यक्रम में जिलाधीश कार्यालय के अधीक्षक धनंजय देशमुख, सहायक अधीक्षक संजय धार्मिक, बेटर गोंदिया संगठन के पदाधिकारी शैलेश अग्रवाल, आशीष चौहान, सावन बहेकार, विप्लव जयसवाल, राहुल लालवानी, शिवम बोरकर, करण डोडवानी, आदित्य पांडे, पंकज भोजवानी, पीयूष जैन, संकल्प ढेकवार आदि उपस्थित थे।