Gondia Mgnrega News: मनरेगा योजना के तहत कार्य करने के बावजूद अनुदान न मिलने से किसान परेशान हैं। गोरेगांव तहसील के बाम्हणी निवासी किसान मिताराम कावडे पिछले 7 माह से अनुदान राशि के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने योजना के तहत अमरूद के पौधे लगाए थे, लेकिन अब तक उनके खाते में राशि जमा नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, मिताराम कावडे ने मनरेगा योजना के तहत जून-जुलाई 2025 में अमरूद के पौधों की खरीदी कर संबंधित बिल मनरेगा अभियंता राहुल बागडे को जमा किए थे। योजना के प्रावधान के अनुसार बिल प्रस्तुत करने के बाद अनुदान राशि सीधे खाते में जमा की जानी थी, लेकिन अभियंता की अनदेखी के कारण भुगतान लंबित है।
किसान का आरोप है कि कई बार संपर्क करने पर भी हर बार “जल्द भुगतान होगा” कहकर टाल दिया गया, जबकि 7 महीने बीत चुके हैं। मामले में संदेह होने पर पंचायत समिति के मनरेगा विभाग में पूछताछ की गई, जहां पता चला कि संबंधित फाइल ही अभी तक आगे नहीं भेजी गई है।
परेशान होकर किसान ने पंचायत समिति में खंडविकास अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। इस पर सुनील कटरे ने बताया कि इस मामले की फाइल अभी तक उनके पास नहीं पहुंची है। दस्तावेज प्राप्त होते ही आगे की प्रक्रिया की जाएगी।