गड़चिरोली में बड़ा हादसा टला; एटापल्ली में चलती बस का पिछला हिस्सा टूटकर सड़क पर गिरा, टेप के भरोसे चल रही थी
MSRTC Bus Accident: गड़चिरोली के एटापल्ली में गड्ढे से गुजरते समय एसटी बस का पिछला हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया। 30 यात्री बाल-बाल बचे। लापरवाही के आरोप में डिपो सहायक को सस्पेंड कर दिया गया है।
- Written By: केतकी मोडक
गड़चिरोली एटापल्ली सड़क हादसा प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स - सोशल मीडिया)
MSRTC Transport Safety Concerns In Gadchiroli: गड़चिरोली जिले के अहेरी उपविभाग की जर्जर सड़कों तथा अहेरी एसटी डिपो की खस्ताहाल बसों के कारण यात्रियों का सफर लगातार अधिक जोखिमभरा होता जा रहा है। 6 जुलाई की शाम एटापल्ली शहर में चलती रापनि की एक बस का पिछला पूरा बॉडी पैनल अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस हादसे ने राज्य परिवहन निगम की रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम के अहेरी डिपो की बस क्रमांक एमएच 40-वाई-9483 गड़चिरोली-घोट-07 एटापल्ली-अहेरी मार्ग पर नियमित रूप से संचालित होती है। सोमवार शाम यह बस मुलचेरा और बोलेपल्ली होते हुए अहेरी जा रही थी। शाम करीब 6 बजे एटापल्ली के गोटूल चौक के पास मुख्य सड़क पर एक बड़े गड्ढे से गुजरते समय बस को जोरदार झटका लगा, जिससे उसका पिछला पूरा हिस्सा चलती बस से अलग होकर सड़क पर गिर गया।
घटना के समय बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। तेज आवाज सुनते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। बस की गति कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा गंभीर जनहानि हो सकती थी।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे की ‘मिसिंग लिंक’ टनल के पास भूस्खलन, विपक्ष ने उठाए सवाल, MSRDC ने कहा- प्राकृतिक आपदा
मुंबई में भारी बारिश में लोगों की मदद करने सड़क पर उतरा स्पाइडरमैन, देखें तस्वीरें
अकोला में अल नीनो का खतरा; पेयजल संकट से निपटने के लिए पहली बार बना जुलाई-सितंबर का विशेष एक्शन प्लान
चंद्रपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी; 5 साल में खोजे गए 1,155 लापता बच्चे, ऑपरेशन मुस्कान से लौटी घरों में रौनक
घटना के बाद जब टूटे हुए हिस्से की जांच की गई तो पता चला कि बस का पिछला पैनल पूरी तरह जंग लगा हुआ और अत्यधिक जर्जर था। इतना ही नहीं, उसे अस्थायी रूप से टेप लगाकर जोड़ा गया था। इससे बसों की नियमित तकनीकी जांच और रखरखाव की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न उठने लगे हैं। वहीं, घोट-एटापल्ली-अहेरी मार्ग की सड़कें भी अत्यंत खराब स्थिति में हैं। जगह-जगह बड़े गड्ढों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे में जर्जर बसों का संचालन यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गया है।
डिपो का संबंधित सहायक निलंबित
घटना के बाद महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन निगम ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। लापरवाही के आरोप में अहेरी एसटी डिपो के संबंधित सहायक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। स्थानीय नागरिक तथा यात्रियों ने अहेरी डिपो की सभी जर्जर बसों की तकनीकी जांच कर उन्हें तत्काल सेवा से हटाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें:- चंद्रपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी; 5 साल में खोजे गए 1,155 लापता बच्चे, ऑपरेशन मुस्कान से लौटी घरों में रौनक
नई व सुरक्षित बसें उपलब्ध कराने की मांग
- इससे पूर्व चलती बस की छत उड़ने, बीच मार्ग पर बसों के एक्सल निकलने, बसों की छत से पानी टपकने आदि वारदातें हो चुकी हैं।
- अब बस का पीछे का हिस्सा गिरने के कारण रापनि की भंगार बसों का मुद्दा फिर एक बार चर्चा में आया है।
- राज्य परिवहन निगम जर्जर बसों की तत्काल तकनीकी जांच कर उन्हें सेवा से हटाए।
- आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करे तथा घोट-एटापल्ली-अहेरी मार्ग की युद्धस्तर पर मरम्मत कर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
