गड़चिरोली के दुर्गम गांव अंधेरे में डूबे: बारिश के बीच बिजली गुल, केरोसिन न मिलने से ग्रामीण परेशान
Gadchiroli Monsoon News: गड़चिरोली के जंगलों से घिरे ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के कारण बार-बार बिजली गुल। मिट्टी का तेल उपलब्ध न होने से लोग अंधेरे में रहने को मजबूर, आपूर्ति की मांग की।
- Written By: रूपम सिंह
केरोसिन (फोटो.सोशल मीडिया)
Gadchiroli Electricity Power Outage: राज्य के अंतिम छोर पर स्थित गड़चिरोली जिला घने जंगलों से घिरा हुआ है। जिले के अधिकांश गांवों तक जंगलों के बीच से विद्युत लाइनें बिछाकर बिजली आपूर्ति की गई है। लेकिन बारिश का मौसम शुरू होते ही हल्की हवा और वर्षा के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। ऐसी स्थिति में केरोसिन उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों को रात अंधेरे में बितानी पड़ रही है।
नागरिकों ने प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में केरोसिन की आपूर्ति पुनः शुरू करने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य के कुछ जिलों को केरोसिन मुक्त घोषित किए जाने के बाद वहां मिट्टी के तेल की आपूर्ति बंद कर दी गई है।
हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि बिजली गुल होने की स्थिति में तथा अंतिम संस्कार जैसे आवश्यक कार्यों के लिए आज भी केरोसिन की आवश्यकता पड़ती है। वर्तमान में केरोसिन उपलब्ध नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से केरोसिन की कमी बनी हुई है। इसके कारण लोगों को मिट्टी के तेल के लिए भटकना पड़ रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
मुंढे इफेक्ट का देशव्यापी असर! महाराष्ट्र के तुकाराम की सख्ती देख अन्य राज्यों में भी मिलावटखोरों पर शिकंजा
CJP की राजनीति में एंट्री? आदित्य ठाकरे से मिले सौरव दास और रत्ना सिंह, महाराष्ट्र में पक रही है नई खिचड़ी?
महज ₹1000 में अपने घर की रजिस्ट्री! पड़ेगांव में 672 परिवारों को PMAY के अंतर्गत जल्द मिलेगा आशियाना
लोकप्रिय कार्यशैली का सम्मान, भिवंडी के तहसीलदार अभिजीत खोले बने आदर्श तहसीलदार
सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के बाद कई गरीब परिवारों के राशन कार्ड पर केरोसिन का वितरण बंद कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर, आर्थिक तंगी के कारण कई परिवार नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनके बिजली कनेक्शन काटे जाने की स्थिति उत्पन्न हो रही है। हालांकि सरकार घर-घर बिजली पहुंचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन आज भी गड़चिरोली जिले के कई दुर्गम और अतिदुर्गम गांव बिजली सुविधा से वंचित हैं। ऐसे गांवों में ग्रामीण आज भी रात के समय केरोसिन के दीयों के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- यवतमाल: पुसद में अवैध साहूकारी पर सहकार विभाग का शिकंजा, 16 घंटे की छापेमारी में कोरे चेक व अहम दस्तावेज जब्त
बिजली कनेक्शन काटने के मामले भी अधिक
जिन गांवों में बिजली उपलब्ध है, वहां बढ़ते बिजली बिल और बकाया भुगतान के कारण कनेक्शन विच्छेदित किए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होने से उन्हें अंधेरे में रात बितानी पड़ती है। ऐसे में ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के परिवारों को राशन कार्ड के माध्यम से केरोसिन उपलब्ध – कराया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। नागरिकों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
