गड़चिरोली में पुलिस को बड़ी कामयाबी, 11 साल से फरार नक्सल समर्थक बापू जनगम गिरफ्तार, कई गंभीर मामले थे दर्ज

Gadchiroli Police Arrest: गड़चिरोली पुलिस ने हत्या और सरकारी कर्मचारियों पर हमले के मामलों में 11 वर्षों से फरार चल रहे नक्सल समर्थक बापू वेंकटी जनगम को नडीकुडा गांव से गिरफ्तार कर लिया है।
Gadchiroli police arrested Naxal supporter Bapu Venkati Jangam after 11 years. Wanted for murder and assault on govt staff, he was caught in Nadikuda village.
पुलिस को बड़ी कामयाबी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Gadchiroli Naxal Supporter Police Arrest: गड़चिरोली में हत्या के प्रयास और शासकीय कर्मचारियों पर हमले जैसे गंभीर अपराधों में शामिल एक नक्सल समर्थक आरोपी को गिरफ्तार करने में गड़चिरोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 11 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी बापू वेंकटी जनगम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

जनमिलिशिया संगठन से जुड़ा था आरोपी

पुलिस के अनुसार सिरोंचा तहसील के नडीकुडा निवासी बापू वेंकटी जनगम नक्सलियों की सहायता करने वाले जनमिलिशिया संगठन से जुड़ा हुआ था। वह नक्सल समर्थक जीआरडी सदस्य के रूप में भी सक्रिय था और विभिन्न नक्सली गतिविधियों में सहयोग करने का आरोप है। वर्ष 2007 से उसके खिलाफ असरअली पुलिस थाने में कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।

हत्या और हमले के मामलों में था आरोपी

बापू जनगम पर हत्या, हत्या के प्रयास तथा शासकीय कर्मचारियों पर हमले सहित कई संगीन मामलों में शामिल होने के आरोप हैं। वर्ष 2015 में दर्ज एक महत्वपूर्ण मामले में वह लंबे समय से पुलिस को वांछित था। इसी प्रकरण में उसके एक सहआरोपी को न्यायालय पहले ही आजीवन कारावास की सजा सुना चुका है। इसके बावजूद बापू जनगम लगातार पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा और वर्षों तक फरार रहा।

परिवार से मिलने आया, पुलिस ने दबोचा

गड़चिरोली पुलिस को 17 जून को गुप्त सूचना मिली कि बापू जनगम अपने परिवार से मिलने के लिए गांव आया हुआ है। सूचना मिलते ही असरअली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नडीकुडा गांव में योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की। इसके बाद पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी खेत क्षेत्र में छिपा हुआ मिला। पुलिस दल ने उसे मौके पर ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अधिकारियों के मार्गदर्शन में चला अभियान

यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक एम. रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक कार्तिक मधिरा, गोकुल राज जी., हर्षवर्धन बी.जे., पुलिस उपाधीक्षक विशाल नागरगोजे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी संदेश नाईक के मार्गदर्शन में चलाया गया।

कार्रवाई को सफल बनाने में असरअली के सहायक पुलिस निरीक्षक योगीराज जाधव, पुलिस उपनिरीक्षक प्रसाद पवार तथा उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने इसे गड़चिरोली नक्सल विरोधी अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता बताया है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com