Gadchiroli News: गड़चिरोली में मनमाने बिजली बिल और स्मार्ट मीटर का विरोध, 25 जून को MSEDCL दफ्तर पर हल्लाबोल

Protest In Gadchiroli: मनमाने बिजली बिल, अनुमानित बिलिंग व स्मार्ट मीटर के विरोध में 25 जून को महावितरण कार्यालय पर हल्लाबोल आंदोलन होगा। उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर विभिन्न मांगें उठाई जाएंगी।
MSEDCL protest gadchiroli against arbitrary electricity bills smart meter june 25
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स-AI)
Published on
Updated on

Protest Against MSEDCL In Gadchiroli: महावितरण द्वारा बिजली उपभोक्ताओं के साथ किए जा रहे कथित मनमाने, गैर-जिम्मेदाराना और उपभोक्ता विरोधी व्यवहार के खिलाफ आजाद समाज पार्टी तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), गड़चिरोली के संयुक्त तत्वावधान में 25 जून को दोपहर 12 बजे पोटेगांव मार्ग पर स्थित महावितरण अभियंता कार्यालय पर हल्लाबोल आंदोलन किया जाएगा।

इसकी जानकारी दोनों दलों की ओर से जारी विज्ञप्ति में दी गई है। पार्टी द्वारा जारी बयान के अनुसार, जिले के अनेक बिजली उपभोक्ताओं से महावितरण के कामकाज को लेकर लगातार गंभीर शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। आरोप है कि, जिन उपभोक्ताओं का मासिक बिजली बिल सामान्यतः 500 से 1000 रुपये तक आता है, उन्हें अचानक दोगुना या अत्यधिक राशि के बिल थमाए जा रहे हैं।

बढ़े हुए बिजली बिलों पर उपभोक्ताओं में नाराजगी

इसके अलावा मीटर रीडिंग लिए बिना अनुमानित एवं मनमाने बिल जारी किए जा रहे हैं, तथा आगे के महीनों में उनका उचित समायोजन भी नहीं किया जा रहा है। उनके द्वारा जारी बयान में यह भी आरोप लगाया गया है कि उपभोक्ताओं के विरोध के बावजूद स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हो रहा है और संबंधित कार्यालयों से संतोषजनक जवाब भी नहीं मिल रहा है, जिससे आम नागरिकों में भारी नाराजगी है।

शिकायतों के समाधान में लापरवाही का आरोप

पार्टी नेताओं का कहना है कि, महावितरण की लापरवाही और गलत कार्यप्रणाली के कारण उपभोक्ताओं को आर्थिक, मानसिक और प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में 25 जून को महावितरण अभियंता कार्यालय, पोटेगांव रोड, गड़चिरोली पर प्रदर्शन, नारेबाजी और जवाब-तलब कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

आंदोलन में उठेंगी ये प्रमुख मांगें

आंदोलन के दौरान

  • फर्जी, अत्यधिक एवं अनुमानित बिजली बिलों की जांच
  • गलत बिलों में सुधार
  • अनुमानित बिलिंग प्रणाली पर रोक
  • स्मार्ट मीटर लगाने से पहले उपभोक्ताओं की सहमति सुनिश्चित करना
  • जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी
  • आंदोलन के दिन महावितरण के अधीक्षक अभियंता स्वयं उपस्थित होकर उपभोक्ताओं की समस्याओं पर लिखित आश्वासन दें और विभाग का स्पष्ट पक्ष रखें

यदी यह मांगें पूरी नहीं होती हैं तो आम उपभोक्ताओं के हित में आगे और उग्र आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी गई है। आजाद समाज पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने बिजली बिल, स्मार्ट मीटर, अनुमानित बिलिंग अथवा महावितरण के कार्यप्रणाली से संबंधित शिकायत रखने वाले सभी उपभोक्ताओं से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com