गड़चिरोली में आफत की बारिश: आष्टी-सिरोंचा नेशनल हाईवे पर बहा वैकल्पिक रास्ता, थमा सैकड़ों वाहनों का पहिया
Gadchiroli Weather Update: गड़चिरोली में भारी बारिश से आष्टी-सिरोंचा हाईवे बंद हो गया है। मुत्तापुर नाले का वैकल्पिक मार्ग बहने से सैकड़ों वाहन फंस गए हैं और बसें मुलचेरा मार्ग से डायवर्ट की गई हैं।
- Written By: केतकी मोडक
आष्टी सिरोंचा राष्ट्रीय राजमार्ग (सोर्स- फोटो नवभारत)
Gadchiroli Heavy Rainfall Highway Closure: गड़चिरोली जिले के कई हिस्सों में पिछले 2 दिनों से लगातार हो रही निरंतर हो रही बारिश तथा दक्षिण गड़चिरोली के साथ कुछ हिस्सों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर सड़कें बह गई हैं और कीचड़ के कारण यातायात बाधित हो गया है।
इसी बीच आष्टी-सिरोंचा राष्ट्रीय राजमार्ग-353सी एक बार फिर यातायात के लिए बंद हो गया है। मुत्तापुर नाले पर पुल निर्माण कार्य के चलते तैयार किया गया अस्थायी वैकल्पिक मार्ग तेज बारिश के कारण बह गया, जिससे देर रात तक सैकड़ों वाहन सड़क पर फंसे रहे।
पिछले चार वर्षों से आष्टी-सिरोंचा राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन प्रत्येक वर्ष बारिश के मौसम में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस वर्ष भी पहली ही तेज बारिश ने निर्माण कार्य और वैकल्पिक व्यवस्था की पोल खोल दी। आलापल्ली-बोरी मार्ग पर स्थित मुत्तापुर नाले पर पुल का निर्माण जारी होने के कारण यातायात के लिए अस्थायी डायवर्जन बनाया गया था। तेज बारिश के चलते यह मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र में सियासी हलचल: सचिन अहीर के बाद किरण सरनाईक भी देंगे शिंदे गुट को समर्थन; बच्चू कडू का बड़ा बयान
आष्टी तहसील में बारिश का कहर: नरसिंगपुर में बाढ़, किसानों की फसलें तबाह
5.12 लाख की मुफ्त पुस्तकें! गोंदिया में पहले ही दिन बच्चो को मिली किताबे, अन्य अन्य विषयों के लिए इंतजार
मुझे भी मिला था शिंदे की पार्टी से ऑफर! उद्धव ठाकरे गुट के बड़े नेता का दावा, महाराष्ट्र में सियासी बवाल
मुलचेरा मार्ग से बसों का आवागमन
स्थिति को देखते हुए अहेरी आगार की एसटी बसों का मार्ग बदलकर मुलचेरा के रास्ते अहेरी भेजा जा रहा है। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग के ठेकेदार द्वारा यातायात जल्द से जल्द बहाल करने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
बारिश के साथ चली तेज आंधी के कारण आलापल्ली-भामरागढ़ तथा आलापल्ली-सिरोंचा मार्ग पर कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। अहेरी, आलापल्ली, नागेपल्ली सहित कई निचले इलाकों में पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कें जलमग्न होने से वाहन चालकों और पैदल यात्रियों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।
दक्षिण गड़चिरोली में हुई मूसलाधार बारिश
गड़चिरोली शहर के दक्षिण भाग में विगत 2 दिनों से मूसलाधार बारिश का दौर देखने को मिला है। लगातार हो रही वर्षा के कारण प्रशासन, ठेकेदार और स्थानीय नागरिकों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में यातायात और जनजीवन पर इसका और अधिक असर पड़ने की आशंका है।
फिलहाल चंद्रपुर, गड़चिरोली तथा नागपुर जाने वाली एसटी बसों सहित अन्य यात्री वाहनों को मुलचेरा मार्ग से डायवर्ट किया गया है। इससे यात्रियों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिसके कारण यात्रा का समय बढ़ गया है और अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें:- पुणे: सीसीटीवी प्रोजेक्ट के लिए खोदी गईं 60% सड़कें अब तक जर्जर, मानसून में बढ़ा खतरा; PMC ने दिए सख्त निर्देश
जर्जर हो गई हैं सड़कें
वहीं आलापल्ली-मुलचेरा-आष्टी मार्ग की हालत भी बेहद खराब है, ऐसे में वैकल्पिक मार्ग से सफर करना भी लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। जर्जर सड़कों, अधूरे राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण और वैकल्पिक मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
