अकारण 5 दिनों तक स्कूल को रखा बंद (सौजन्य-नवभारत)
Gadchiroli ZP School Zappi: धानोरा पंचायत समिति अंतर्गत आने वाले जप्पी गांव के जिला परिषद स्कूल में प्रधानाचार्य ने मार्च माह में लगातार 5 दिनों तक स्कूल बंद रखा और 7 अप्रैल को भी स्कूल बंद रख छात्रों को पोषाहार का वितरण भी नहीं किया गया। प्रधानाचार्य द्वारा मनमानी कर स्कूल बंद रखे जाने से छात्रों का शैक्षणिक नुकसान हो रहा है।
इस मामले को लेकर ग्रामीण अब आक्रमक होकर जिप स्कूल के प्रधानाचार्य का तत्काल तबादला करें, अन्यथा जिप स्कूल को ही ताला जड़ा जाएगा, ऐसी चेतावनी जप्पी गांव के नागरिकों ने दी है। धानोरा तहसील के आखिरी छोर पर जप्पी गांव बसा होकर यहां के जिप स्कूल में कक्षा पहली से लेकर चौथी तक शिक्षा सुविधा है। वहीं इस स्कूल में करीब 22 छात्र शिक्षा ले रहे है। इस स्कूल में प्रधानाचार्य समेत एक सहायक शिक्षक नियुक्त है।
गत माह यानी मार्च माह में 10 से 18 मार्च की अवधि में सहायक शिक्षक भाऊराव मडावी अवकाश पर थे। जिससे संपूर्ण स्कूल की जिम्मेदारी प्रधानाचार्य मोतीराम जाले पर थी। लेकिन प्रधानाचार्य ने वरिष्ठों की अनुमति न लेते हुए करीब 5 दिनों तक स्कूल बंद रखा।
जिसके कारण छात्रों का शैक्षणिक नुकसान होने के साथ ही छात्रों को पोषाहार से वंचित रहना पड़ा। ऐसा ही मामला 7 अप्रैल सोमवार को सामने आया है। संबंधित सहायक शिक्षक प्रतिनियुक्ति पर होने के बाद भी प्रधानाचार्य ने स्कूल बंद रख छात्रों को शिक्षा से वंचित रखा है। इस मामले से ग्रामीणों में तीव्र रोष व्यक्त किया जा रहा है।
जप्पी जिप स्कूल के सहायक शिक्षक अवकाश पर थे। फिर भी प्रधानाचार्य ने स्कूल शुरू नहीं किया था। 27 मार्च को ग्रामीणों ने केंद्र प्रमुख से इस मामले संदर्भ में शिकायत की। जिससे दूसरे ही दिन यानी 28 मार्च को केंद्र प्रमुख सरकारी दस्तावेज जांच करने के लिए स्कूल पहुंचे। तब यह मामला सामने आया। जहां केंद्र प्रमुख ने प्रधानाचार्य को दोबारा स्कूल बंद न रखने की सूचना भी दी। बावजूद इसके 7 अप्रैल को प्रधानाचार्य ने स्कूल बंद रखी।
धानोरा गुटशिक्षाधिकारी हेमलता परसा ने बताया संबंधित प्रधानाचार्य संदर्भ में शिकायत प्राप्त होने के बाद गत माह में हमने स्कूल को भेंट दी थी। जहां प्रधानाचार्य स्कूल में गैरहाजिर थे। साथ ही छात्रों को पोषाहार से भी वंचित रखा गया। जिससे शिक्षा समिति और ग्रामीणों की उपस्थिति में सूचना देने के बाद प्रधानाचार्य ने दोबारा स्कूल बंद न रखने की बात लिखित रूप में कही थी। बावजूद इसके स्कूल बंद रखने का सिलसिला शुरू होने से प्रधानाचार्य के निलंबन का प्रस्ताव वरिष्ठ पर भिजवाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें – बारामती में सियासी बवाल, खड़गे-राहुल के दरबार पहुंचीं सुनेत्रा पवार, क्या निर्विरोध होगा चुनाव?
गड़चिरोली (Gadchiroli) जिले में शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरिदास हिचामी ने कहा अनेक बार प्रधानाचार्य की शिकायत करने के बाद भी शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले की ओर अनदेखी कर रहे है। जिससे प्रधानाचार्य मोतीराम जाडे पर संबंधित अधिकारी मेहरबान होने की बात स्पष्ट हो रही है। आगामी सत्र में प्रधानाचार्य का तबादला न करने पर संपूर्ण ग्रामीण स्कूल को ताला जड़ेंगे।
गड़चिरोली (Gadchiroli) जिले के धानोरा तहसील के जप्पी और हिपानेर जिप स्कूल के शिक्षक हमेशा ही शिक्षा के प्रति अनियमितता बरत रहे है। जिसके कारण स्कूली छात्रों का शैक्षणिक नुकसान हो रहा है।
संबंधित दोनों शिक्षकों के निलंबन का प्रस्ताव वरिष्ठ स्तर पर भिजवाने की जानकारी गुटशिक्षाधिकारी ने दी है। जिससे स्कूलों में गैरहाजिर रहने वाले तहसील के शिक्षकों में खलबली मच गई है।