Gadchiroli News: अप-डाउन से विकास कार्य प्रभावित, ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यालय में नहीं रहते कर्मी

Gram Sevak Absenteeism: गड़चिरोली के दुर्गम क्षेत्रों में कर्मचारियों के मुख्यालय में नहीं रहने और अप-डाउन करने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
development affected
gram sevak absenteeism (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Gadchiroli Staff Commuting Issue: सरकार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में रहने के निर्देश दिए हैं, लेकिन कई स्थानों पर इन निर्देशों का पालन होता नहीं दिख रहा है। इसके कारण जिले के दुर्गम और अतिदुर्गम क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित होते नजर आ रहे हैं।

दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत ग्रामसेवक, शिक्षक, स्वास्थ्य कर्मी समेत अन्य विभागों के कर्मचारी मुख्यालय में रहने के बजाय तहसील अथवा जिला मुख्यालय से अप-डाउन कर रहे हैं। इसके चलते नागरिकों के काम समय पर नहीं हो पा रहे हैं। विशेष रूप से ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के विकास कार्यों पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत सरकारी कर्मचारियों को मुख्यालय में रहकर सेवा देने के आदेशों का कड़ाई से पालन कराने की मांग स्थानीय नागरिकों ने की है।

ग्राम विकास योजनाएं लागू

सरकार अपने एजेंडे में ग्राम विकास को अहम मानते हुए विभिन्न योजनाओं पर जोर दे रही है। इसके तहत अनेक ग्राम विकास योजनाएं लागू की गई हैं। हालांकि इन योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों और कर्मचारियों पर है, वे मुख्यालय में नहीं रहने के कारण योजनाओं का प्रभावी अमल नहीं हो पा रहा है। इससे नागरिक सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित रह रहे हैं और गांवों का विकास भी अपेक्षित गति से नहीं हो पा रहा है।

अन्य गांवों से करते हैं आवागमन

सरकार ने पंचायती राज को महत्वपूर्ण मानते हुए ग्राम पंचायतों को अनेक अधिकार प्रदान किए हैं। ग्राम विकास योजनाएं ग्राम पंचायत स्तर से संचालित करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही ग्राम पंचायतों को निधि देकर विकास कार्य भी स्थानीय स्तर पर करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासनिक स्तर पर ग्राम पंचायत को प्राप्त निधि खर्च करने की जिम्मेदारी ग्राम विकास अधिकारी या ग्रामसेवकों पर सौंपी गई है। लेकिन कई स्थानों पर कार्यरत ग्रामसेवक अथवा ग्राम विकास अधिकारी मुख्यालय में न रहकर अन्य गांवों से आवागमन करते पाए जा रहे हैं। इसके कारण ग्रामीणों के काम समय पर नहीं हो रहे हैं और कई विकास कार्य भी रुके हुए हैं।

प्रशासन को सख्ती बरतना जरूरी

  • जिले के ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत ग्रामसेवक, शिक्षक, स्वास्थ्य कर्मचारी सहित अन्य विभागों के कर्मचारी मुख्यालय में रहने के बजाय बाहर से अप-डाउन कर रहे हैं।
  • दुर्गम क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों की नियमित पहुंच नहीं होने का लाभ उठाकर कर्मचारी अप-डाउन कर रहे हैं।
  • इसका खामियाजा दुर्गम क्षेत्रों के नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
  • नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन इस ओर गंभीरता से ध्यान देकर अप-डाउन करने वाले कर्मचारियों पर सख्ती करे और उन्हें मुख्यालय में रहने के निर्देशों का पालन करवाए।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com