ठाणे में गूंजेगी शिव-शंभू की गाथा: छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती पर ग्रैंड सेलिब्रेशन, ये कलाकार देंगे प्रस्तुति

Thane News: शिवाजी महाराज जयंती पर ठाणे में बच्चों के लिए ‘शिवशंभू गाथा’ कार्यक्रम आयोजित होगा। राम गणेश गडकरी रंगायतन में कलाकारों द्वारा शिवाजी और संभाजी महाराज का प्रेरक इतिहास प्रस्तुत किया जाएगा।
Chhatrapati Shivaji Maharaj
छत्रपति शिवाजी महाराज (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Shivaji Maharaj Jayanti 2026 celebration in Thane: महाराष्ट्र के आराध्य देव छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर ठाणे शहर भक्ति और शौर्य के रंग में डूबने के लिए तैयार है। राज्य सरकार के सांस्कृतिक कार्य निदेशालय और ठाणे जिलाधिकारी कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में स्कूली बच्चों और युवाओं के लिए एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम 'शिवशंभू गाथा' का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज के बलिदान और प्रेरणादायी इतिहास से रूबरू कराना है।

सितारों से सजेगी गडकरी रंगायतन की शाम

यह विशेष कार्यक्रम बुधवार, 18 फरवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ठाणे के प्रसिद्ध 'राम गणेश गडकरी रंगायतन' में आयोजित होगा। कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें मराठी मनोरंजन जगत के कई दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।

  • वैभव थोरात: कलर्स मराठी गौरव महाराष्ट्र के ग्रैंड विनर।
  • सागर म्हात्रे: सोनी टीवी मराठी इंडियन आइडल के विजेता।
  • रोहित पाटिल: प्रसिद्ध गायक।
  • मैथिली भगत और पूजा म्हात्रे: अपनी सुरीली आवाज से इतिहास को जीवंत करेंगी।
  • कल्पेश दुकाले: अपनी अनूठी कहानी वाचन शैली (Storytelling) से स्टूडेंट्स को स्वराज्य के संघर्ष की गाथा सुनाएंगे।

पोवाड़ा और नृत्य से जीवंत होगा इतिहास

कार्यक्रम में केवल भाषण नहीं, बल्कि कला के विभिन्न माध्यमों जैसे ऐतिहासिक गीत, पारंपरिक पोवाड़ा, कहानी वाचन और नृत्य प्रदर्शन के जरिए शिवाजी महाराज के जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों को दर्शाया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के रचनात्मक कार्यक्रमों से छात्र न केवल इतिहास सीखेंगे, बल्कि गौरव की अनुभूति भी करेंगे।

नियोजन भवन में भी विशेष आयोजन

उत्सव का सिलसिला यहीं नहीं थमेगा। 19 फरवरी को सुबह 11 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय के नियोजन भवन में एक और विशेष कार्यक्रम रखा गया है। ठाणे के जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल के मार्गदर्शन में होने वाले इस कार्यक्रम की देखरेख निवासी उपजिलाधिकारी डॉ. संदीप माने, डिप्टी कलेक्टर रूपाली भालके और तहसीलदार सचिन चौधर कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने जिले भर के स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों से इस गौरवशाली उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है

Navbharat Live
navbharatlive.com