गड़चिरोली के विद्यार्थियों को बड़ी सौगात, केंद्रीय विद्यालय में जल्द शुरू होंगे प्रवेश
KVS Admission 2026: गड़चिरोली में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को KVS मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पहली से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई शुरू होगी।
- Written By: आंचल लोखंडे
New Kendriya Vidyalaya (सोर्सः फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
Gadchiroli Kendriya Vidyalaya: गड़चिरोली में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) मुख्यालय से आधिकारिक मंजूरी मिल गई है। यह विद्यालय शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होगा। आगामी 30 दिनों के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर पहली से पांचवीं कक्षा तक की शिक्षा प्रारंभ की जाएगी। ऐसी जानकारी जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने दी। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अधीन केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा 2 जुलाई को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया गया।
यह विद्यालय मार्च 2019 में स्वीकृत देश के 50 नए केंद्रीय विद्यालयों में शामिल है। प्रायोजक प्राधिकरण द्वारा विद्यालय के लिए भूमि केंद्रीय विद्यालय संगठन के नाम हस्तांतरित कर दी गई है। साथ ही, विद्यालय के संचालन के लिए अस्थायी भवन की व्यवस्था भी की गई है। फिलहाल गड़चिरोली के सेमाना बायपास रोड स्थित सरकारी अंग्रेजी माध्यमिक आश्रमस्कूल परिसर में नए केंद्रीय विद्यालय का संचालन किया जाएगा।
पहली से पांचवीं तक होगी पढ़ाई
जिलाधिकारी अवश्यांत पंडा ने बताया कि प्रारंभिक चरण में कक्षाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए जिला प्रशासन ने भवन उपलब्ध कराया है। विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। विद्यालय के पहले चरण में शहरी क्षेत्र के अंतर्गत पहली से पांचवीं कक्षा तक प्रत्येक कक्षा का एक-एक सेक्शन शुरू किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से उच्च कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी। प्रवेश प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताएं जिला प्रशासन के सहयोग से पूरी की जाएंगी।
सम्बंधित ख़बरें
Chandrapur News: चंद्रपुर-गड़चिरोली में हाथियों का आतंक, विजय वडेट्टीवार ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
महाराष्ट्र में दूध मिलावटखोरों की खैर नहीं, FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे सख्त, भ्रामक विज्ञापन पर 10 लाख जुर्माना
नागपुर मनपा का कड़ा रुख: सड़क घेरकर ट्रैफिक जाम करने वाले अवैध व्यवसायी पर सीधे FIR दर्ज करने के निर्देश
धारगांव जिला परिषद स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी, ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी
ये भी पढ़े: धारगांव जिला परिषद स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी, ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी
स्थायी भवन का निर्माण भी होगा शुरू
अस्थायी भवन में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होने के साथ-साथ केंद्रीय विद्यालय के स्थायी भवन का निर्माण कार्य भी समानांतर रूप से शुरू किया जाएगा, जिलाधिकारी ने बताया कि भविष्य में विद्यार्थियों को सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य परिसर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और स्थानीय तंत्र के सहयोग से यह महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल समय पर साकार हो रही है। इससे गड़चिरोली जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण केंद्रीय विद्यालय शिक्षा का लाभ मिलेगा।
