गड़चिरोली: हाईवे तो बना, पर हरियाली गायब; सैकड़ों पेड़ों की बलि के बाद भी नहीं हुआ पौधारोपण, राहगीर बेहाल
Gadchiroli News: गड़चिरोली में हाईवे निर्माण के चलते पेड़ों की कटाई, पौधारोपण की अनदेखी। नागरिकों की छाया के लिए पेड़ लगाने की मांग।
Gadchiroli National Highway News: गड़चिरोली जिले में राष्ट्रीय महामार्ग का निर्माण तेजी से जारी है, लेकिन इसके साथ हरियाली गायब होती नजर आ रही है। चामोर्शी और चंद्रपुर मार्ग पर हाईवे निर्माण के लिए सड़क किनारे सैकड़ों पेड़ों की कटाई की गई, परंतु निर्माण पूर्ण होने के बाद भी अब तक पौधारोपण नहीं किया गया है।
नतीजतन, जहां पहले घने पेड़ राहगीरों को छाया देते थे, वहां अब सूने मार्ग दिखाई दे रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि हाईवे तो बन गया, लेकिन हरियाली लौटाने की दिशा में प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
जिले में चामोर्शी व चंद्रपुर मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि धानोरा मार्ग पर काम जारी है और आरमोरी मार्ग का निर्माण अभी बाकी है। निर्माण के दौरान बाधा बनने वाले पेड़ों को बड़े पैमाने पर काटा गया, जिससे पर्यावरणीय संतुलन पर असर पड़ा है।
सम्बंधित ख़बरें
मंत्री संजय शिरसाट का राहुल गांधी पर तीखा प्रहार, कहा वे हमेशा सपनों की दुनिया में रहते हैं
तूफान और बारिश से अंदरसूल सहित कई गांव प्रभावित, भारी नुकसान के बीच देवलाणे में छत गिरने से 3 घायल
अकोला में गोमाता राज्यमाता संवाद यात्रा बैठक, गोसेवा को मजबूत बनाने पर मंथन
अकोला में पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारें, सरकार की नीतियों पर उठे सवाल
अब स्थिति यह है कि जो कुछ पुराने पेड़ बच गए हैं, वही राहगीरों के लिए कड़ी धूप में सहारा बने हुए हैं।
उजड़े नजर आ रहे मार्ग
महामार्ग चौड़ीकरण के चलते बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई हुई है। इससे सड़कें भले ही चौड़ी और सुगम हो गई हों, लेकिन हरियाली खत्म होने से मार्ग सूने और उजड़े नजर आ रहे हैं। चामोर्शी और चंद्रपुर मार्ग पर अब बहुत कम पेड़ बचे हैं, जिससे यात्रियों को धूप में ही सफर करना पड़ रहा है।
कड़ी धूप में छांव के लिए तरस रहे राहगीर
चंद्रपुर मार्ग पर सीमेंट-कांक्रीट सड़क बनने के बाद अधिकांश पेड़ समाप्त हो गए हैं। धानोरा मार्ग पर भी निर्माण कार्य के चलते पेड़ों की कटाई जारी है। केवल आरमोरी मार्ग पर ही कुछ हरे-भरे पेड़ बचे हैं, लेकिन यहां भी जल्द निर्माण शुरू होने की संभावना है।
हाईवे के किनारे पेड़ लगाना आवश्यक
महामार्ग बनने से यातायात जरूर सुगम हुआ है, लेकिन पेड़ों की कमी से नागरिकों को भारी परेशानी हो रही है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को तेज धूप में सफर करना मुश्किल हो रहा है। नागरिकों ने मांग की है कि हाईवे के किनारे शीघ्र पौधारोपण किया जाए। ( विशाल बारसागडे, नागरिक)
