जंगल में जुआ का बड़ा अड्डा ध्वस्त,गड़चिरोली में 22 जुआरी गिरफ्तार; 71 लाख से ज्यादा का माल जब्त

Gadchiroli Illegal Gambling: गड़चिरोली में अवैध जुआ अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। कुरखेडा के जंगल में छापेमारी कर 22 जुआरी गिरफ्तार, 71.85 लाख रुपये का माल जब्त।
Major Gambling Den in Forest Busted; 22 Gamblers Arrested in Gadchiroli; Assets Worth Over ₹71 Lakh Seized
गड़चिरोली अवैध जुआ अड्डा कार्रवाई( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Gadchiroli Police Raid: गड़चिरोली जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल के निर्देश पर एलसीबी (लोकल क्राइम ब्रांच) और जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध धंधों पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए थे। इसी के तहत कुरखेडा पुलिस थाना क्षेत्र में बड़े जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया गया।

जंगल में चल रहा था जुआ अड्डा

पुलिस को गोपनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि कुरखेडा थाना क्षेत्र के खेडेगांव के जंगल परिसर में बड़े पैमाने पर अवैध जुआ चलाया जा रहा है। इस जुआ अड्डे का संचालन कुरखेडा निवासी एजाज शेख उर्फ कात्या कर रहा था, जो अपने साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से यह अवैध कारोबार चला रहा था। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और टीम गठित की।

एलसीबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

एलसीबी पथक और कुरखेडा पुलिस ने संयुक्त रूप से जंगल क्षेत्र में छापा मारा। पुलिस की टीम को देखते ही मौके पर मौजूद जुआरियों में हड़कंप मच गया, लेकिन घेराबंदी के चलते कोई भी भाग नहीं सका। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी एजाज शेख उर्फ कात्या सहित कुल 22 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

लाखों रुपये का माल जब्त

इस छापेमारी में पुलिस को भारी मात्रा में नकदी और अन्य सामग्री बरामद हुई। आरोपियों के पास से कुल 71 लाख 85 हजार 330 रुपये का माल जब्त किया गया है, जिसमें नगद रकम, मोबाइल फोन, वाहन और जुआ खेलने के अन्य उपकरण शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह जिले में अब तक की सबसे बड़ी जुआ कार्रवाई में से एक मानी जा रही है। इस कार्रवाई से अवैध जुआ कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी तरह के अवैध व्यवसाय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com