

Buldhana Murder Case: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। सुकली गांव निवासी ट्रक ड्राइवर विनोद नवले, जो मई 2022 से लापता था, उसकी हत्या की गुत्थी करीब चार साल बाद सुलझ गई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड का पर्दाफाश एक घरेलू प्रताड़ना की शिकायत से हुआ, जिसने पूरे मामले की दिशा ही बदल दी।
इस मामले में सबसे अहम कड़ी बनी मुख्य आरोपी सचिन उगले की पत्नी निकिता। 17 अप्रैल 2026 को निकिता ने अपने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के दौरान उसने पुलिस को चौंकाने वाला खुलासा किया। निकिता ने बताया कि उसका पति उसे जान से मारने की धमकी देता था और कहता था कि “जैसे मैंने सुकली के एक व्यक्ति का खून कर उसे अपने होटल में दफना दिया, वैसे ही तुझे भी खत्म कर दूंगा।” इस बयान के बाद पुलिस को पुराने गुमशुदगी के मामले पर शक हुआ और जांच की दिशा बदल गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सचिन उगले और उसके साथी सुनील जाधव ने मिलकर विनोद नवले की बेरहमी से हत्या की थी। दोनों ने चाकू और कैंची से उसका गला रेत दिया था। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए उन्होंने शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। आरोपियों ने सचिन के “होटल पहलवान” के अंदर एक गड्ढा खोदा और उसमें शव को दफना दिया। इतना ही नहीं, शक से बचने के लिए उस जगह पर सीमेंट का पक्का फर्श बनवा दिया, ताकि किसी को जरा भी संदेह न हो सके। चार साल तक यह राज जमीन के नीचे दबा रहा।
21 अप्रैल 2026 को पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से होटल परिसर में खुदाई करवाई। खुदाई के दौरान वहां से एक कंकाल बरामद हुआ, जिससे पूरे मामले की पुष्टि हो गई।
मृतक के भाई मनोज नवले ने कंकाल के साथ मिले भगवा ब्रेसलेट, सफेद शर्ट और बेल्ट के आधार पर उसकी पहचान की। सबसे महत्वपूर्ण सबूत मृतक के हाथ में मिली लोहे की रॉड रही, जो खुदाई में बरामद कंकाल में भी पाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नीलेश तांबे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी साजिश तथा मकसद का पता लगाने में जुटी हुई है।