गड़चिरोली में 'अमृत आपके द्वार परिवार सर्वेक्षण 2026' शुरू, कमजोर परिवारों की होगी सामाजिक-आर्थिक जांच

Family Survey Campaign: गड़चिरोली शहर में 13 जुलाई से 'अमृत आपके द्वार परिवार सर्वेक्षण 2026' अभियान शुरू होगा। आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के परिवारों का अध्ययन कर विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी।
gadchiroli amrut apke dwar family survey 2026
AMRUT Survey (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Gadchiroli AMRUT Survey: महाराष्ट्र रिसर्च, उत्थान एवं प्रशिक्षण प्रबोधिनी (AMRUT) की ओर से गड़चिरोली शहर में 13 जुलाई से 'अमृत आपके द्वार परिवार सर्वेक्षण 2026' अभियान शुरू किया जाएगा। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य (ओपन) वर्ग के परिवारों की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति का अध्ययन कर उनके कल्याण एवं विकास के लिए प्रभावी योजनाएं तैयार करना है।

यह सर्वेक्षण विशेष रूप से सामान्य वर्ग के उन परिवारों के लिए किया जा रहा है, जिन्हें महाराष्ट्र शासन के विभिन्न विभागों, संस्थाओं अथवा महामंडलों की योजनाओं का लाभ सीमित मात्रा में मिलता है या नहीं मिल पाता। सर्वेक्षण के माध्यम से ऐसे परिवारों की समस्याओं, आवश्यकताओं और जीवन स्तर का वस्तुनिष्ठ आकलन किया जाएगा, ताकि भविष्य में उनके सर्वांगीण विकास के लिए उपयुक्त योजनाएं बनाई जा सकें।

सामान्य वर्ग के जरूरतमंद परिवारों का सर्वेक्षण

सर्वेक्षण के दौरान परिवारों की शैक्षणिक स्थिति, रोजगार, आय, सामाजिक परिस्थितियां, कौशल विकास की आवश्यकता, सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा अन्य आवश्यक सूचनाएं एकत्र की जाएगी। प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रशिक्षण कार्यक्रम, मार्गदर्शन शिविर, रोजगारोन्मुख योजनाएं तथा समाजहित से जुड़े विभिन्न विकासात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। सर्वेक्षण के लिए नियुक्त स्वयंसेवक घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे।

अभियान में सहयोग करें नागरिक

नागरिकों से अपील की गई है कि, वह सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस अभियान में सहयोग करें। अमृत संस्था ने स्पष्ट किया है कि, सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल जनहित एवं समाजहित के उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा। गडचिरोली शहर के नागरिकों से इस जनहितकारी अभियान में सकारात्मक सहभागिता निभाने तथा स्वयंसेवकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह विक्रम मोहन पांडे, जिला प्रबंधक, अमृत,गडचिरोली ने किया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com